अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक 27 वर्षीय महिला के साथ होटल में दुष्कर्म के आरोप में ई-रिक्शा चालक सुब्हान को पुलिस एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोपी गोली लगने से घायल हो गया और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. महिला कासगंज जिले की रहने वाली है. वह काम के सिलसिले में बुधवार रात अलीगढ़ आई थी. रात में ठहरने की जगह ढूंढ रही थी, तभी आरोपी सुब्हान ई-रिक्शा लेकर उसके पास पहुंचा.
उसने सस्ते और सुरक्षित होटल में ले जाने का झांसा दिया. होटल पहुंचने के बाद सुब्हान जबरन कमरे में घुसा, दरवाजा बंद किया और महिला के साथ दुष्कर्म किया. इसके बाद वह फरार हो गया. महिला ने बन्नादेवी थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर संबंधित धाराओं में FIR दर्ज की गई.
पुलिस ने CCTV फुटेज और तकनीकी निगरानी के आधार पर आरोपी को नागला पटवारी इलाके में छिपे होने का पता लगाया. जब पुलिस टीम छापा मारने पहुंची तो आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई, जिसमें सुब्हान घायल हो गया.
अस्पताल में उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है. पुलिस ने लाइसेंस रहित हथियार भी बरामद किया है. असिस्टेंट एसपी (सिटी) आदित्य बंसल ने बताया कि आरोपी को तकनीकी साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर गिरफ्तार किया गया है. मामले की आगे जांच चल रही है.