पंजाब में एएसआई हरजीत सिंह की गोली मारकर हत्या, बाइक से जाते वक्त हमलावरों ने बरसाईं गोलियां

Global Bharat 18 Sep 2026 11:36 AM 1 Mins
पंजाब में एएसआई हरजीत सिंह की गोली मारकर हत्या, बाइक से जाते वक्त हमलावरों ने बरसाईं गोलियां

पंजाब:  अमृतसर में पंजाब पुलिस के ASI हरजीत सिंह की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया है. गुरुवार देर रात भगतांवाला इलाके के पास अज्ञात हमलावरों ने मोटरसाइकिल से जा रहे एएससाई हरजीत सिंह पर फायरिंग कर दी. गोली लगने से उनकी मौत हो गई. हरजीत सिंह अमृतसर के गेट हकीमा थाने में तैनात थे.

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है. वारदात किस वजह से हुई और हमलावर कौन थे, इसकी जांच की जा रही है. पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान और उनकी आवाजाही का पता लगाया जा सके.

घटना की गंभीरता को देखते हुए पंजाब के डीजीपी गौरव यादव अमृतसर पहुंच रहे हैं. माना जा रहा है कि डीजीपी अधिकारियों के साथ बैठक कर पूरे मामले की जानकारी लेंगे और आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर की जा रही कार्रवाई की समीक्षा करेंगे.

इधर, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एएसआई हरजीत सिंह की मौत पर दुख जताते हुए उनके परिवार के लिए एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है. सरकार की ओर से परिवार को आर्थिक सहायता देने के साथ मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया गया है.

HDFC बैंक की ओर से भी हरजीत सिंह के परिवार को एक करोड़ रुपये का बीमा कवर देने की बात कही गई है. यानी परिवार को सरकार और बैंक की ओर से कुल 2 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता मिलने की बात सामने आई है.

फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती हमलावरों तक पहुंचना है. एएसआई की ड्यूटी और उनकी आवाजाही से जुड़ी जानकारी भी जांच का हिस्सा हो सकती है. पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि हमला अचानक हुआ या इसके पीछे पहले से कोई साजिश थी. आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी.

Amritsar ASI Harjeet Singh Murder Punjab Police ASI Harjeet Singh Shot Dead Amritsar Crime News Bhagta Wala Firing

Description of the author

Recent News