शाहजहांपुर : उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में पंचायत सचिव और भाजपा नेता के बीच विवाद का मामला सामने आया है. आरोप है कि मृत्यु प्रमाण पत्र की लंबित फाइल को लेकर फोन पर हुई बातचीत के दौरान पंचायत सचिव ने भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम नारायण मिश्रा के साथ कथित तौर पर अभद्रता की और उन्हें धमकी दी. मामले में पुलिस ने पंचायत सचिव अवनीश सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. वहीं, प्रशासन ने भी कार्रवाई करते हुए सचिव को निलंबित कर दिया है.
बताया गया कि परसरा-परसरी गांव निवासी विजय सिंह अपने पिता प्रेमपाल सिंह का मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए परेशान थे. उनकी फाइल पंचायत सचिव के पास लंबित बताई गई. इसी सिलसिले में उन्होंने भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम नारायण मिश्रा से मदद मांगी, इसके बाद भाजपा नेता ने पंचायत सचिव को फोन कर प्रमाण पत्र की फाइल के बारे में जानकारी ली.
आरोप है कि बातचीत के दौरान सचिव भड़क गया और भाजपा नेता से कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया. शिकायत के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर सचिव ने धमकी देते हुए कहा कि गोली मार देंगे, योगी नहीं आएंगे बचाने. इस बयान के बाद मामला और गंभीर हो गया. भाजपा नेता ने घटना की जानकारी ब्लॉक प्रमुख और खंड विकास अधिकारी को दी तथा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. वहीं, जिला पंचायत राज अधिकारी ने भी सचिव के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित कर दिया. पुलिस अब फोन पर हुई बातचीत और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है. जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.