''जो रेप करेगा, उसका मर्डर होगा… ऐसे राक्षसों को रोज मारना चाहिए!'' जमुई कांड के एनकाउंटर पर अनंत सिंह का बड़ा बयान

Amanat Ansari 22 Sep 2026 08:19 PM 1 Mins
''जो रेप करेगा, उसका मर्डर होगा… ऐसे राक्षसों को रोज मारना चाहिए!'' जमुई कांड के एनकाउंटर पर अनंत सिंह का बड़ा बयान

पटना: बिहार के जमुई जिले में नाबालिग छात्रा से सरेआम छेड़छाड़ के मामले में पुलिस के हाफ एनकाउंटर पर जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने तीखा बयान दिया है. मोकामा से विधायक अनंत सिंह ने कहा, “जो रेप करेगा, उसका मर्डर होगा. ऐसे लोगों को एक ही दिन में मार देना चाहिए. एनकाउंटर जरूरी था. हम तो कहते हैं कि इन्हें रोज मारना चाहिए.”

मंगलवार को पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान अनंत सिंह ने जमुई कांड पर प्रतिक्रिया देते हुए पुलिस की कार्रवाई की सराहना की. उन्होंने कहा कि ऐसा राक्षसी कृत्य करने वाले व्यक्ति को जहां मिले, वहीं मार देना चाहिए.

सम्राट सरकार का बचाव

अनंत सिंह ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार का बचाव करते हुए कहा, “इसमें सम्राट क्या कर सकते हैं? सरकार का काम है कि ऐसी घटना होने पर कार्रवाई करे.” उन्होंने सीएम के उस बयान का भी समर्थन किया जिसमें कहा गया था कि अपराधी की कोई जाति नहीं होती.

तेजस्वी यादव पर निशाना

विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव पर भी अनंत सिंह बरसे. उन्होंने कहा कि ऐसे संवेदनशील मौके पर सभी नेताओं को एकजुट होकर मदद करनी चाहिए. उन्होंने विपक्ष पर वोट की राजनीति का आरोप लगाया और कहा कि जमुई कांड में हुए एनकाउंटर पर सबको गर्व होना चाहिए.

क्या थी जमुई की घटना?

बीते शनिवार शाम को जमुई जिले के मड़वा पहाड़ी के पास एक नाबालिग छात्रा अपने सहपाठी के साथ घर लौट रही थी. तभी हवसी भीड़ ने बीच सड़क पर लड़की से छेड़छाड़ की, उसके प्राइवेट पार्ट को गलत तरीके से छुआ और साथी छात्र के साथ मारपीट की. इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पूरे देश में आक्रोश फैल गया.

पुलिस ने अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. सोमवार को तीन आरोपी पकड़े गए थे, जबकि मंगलवार को मुख्य आरोपी नंदन यादव और हरेराम यादव को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया. मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा भी घायल हुआ.
अनंत सिंह के इस बयान ने राजनीतिक हलकों में चर्चा बढ़ा दी है.

anant singh on jamui case anant singh jamui anant singh jdu

Recent News