नई दिल्ली: प्रयागराज के माघ मेले में लगातार दूसरे दिन भीषण आग की घटना ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया. बुधवार शाम करीब 6 बजे सेक्टर-4 के संगम लोअर इलाके में स्थित बड़े-छोटे ब्रह्माश्रम शिविर में अचानक आग लग गई.
आग इतनी तेजी से फैली कि 2 बड़े टेंट, 3 स्विस कॉटेज और एक अन्य संस्था का ईपी टेंट पूरी तरह जलकर खाक हो गया. आग से उठता घना धुआं और लपटें आसपास के इलाकों में फैल गईं, जिसकी वजह से करीब 5 किलोमीटर दूर तक भी दिखाई देने की बात कही जा रही है.
मौके पर तुरंत पहुंची अग्निशमन विभाग की 8 फायर ब्रिगेड गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया. साधु-संतों और कल्पवासियों ने भी बचाव कार्य में हाथ बंटाया.
सौभाग्य से इस हादसे में किसी की जान नहीं गई और न ही कोई गंभीर रूप से घायल हुआ. हालांकि, प्रभावित शिविरों में मौजूद सामान और नकदी को काफी नुकसान पहुंचा. प्रशासन ने तुरंत प्रभावित क्षेत्र को सील कर दिया और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है.
बता दें कि इससे ठीक एक दिन पहले यानी मंगलवार को ही सेक्टर-5 के नारायण शुक्ला धाम शिविर में भी आग लगी थी, जिसमें 15 से ज्यादा टेंट और कई दुकानें राख हो गई थीं.
मेले के आयोजकों और प्रशासन ने अब सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने का फैसला लिया है, ताकि आगे ऐसी घटनाओं से बचा जा सके. श्रद्धालुओं से भी अपील की जा रही है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत सूचना दें.