"नमाज पर ट्रोलिंग के बाद नमिता थापर का एक और वीडियो आया, पिछली बार लोगों ने मां तक को दी थी गालियां

Amanat Ansari 20 Apr 2026 05:50: PM 2 Mins

Namita Thapar: नमिता थापर हाल ही में सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का शिकार बन गईं. ‘शार्क टैंक इंडिया’ की जज और सफल बिजनेसवुमन नमिता ने ईद के मौके पर एक रील शेयर की थी, जिसमें उन्होंने नमाज पढ़ने के शारीरिक फायदों की बात की. इस पोस्ट के बाद कुछ लोगों ने उन्हें जमकर ट्रोल करना शुरू कर दिया. अब तीन हफ्ते बाद नमिता ने इस मुद्दे पर नया वीडियो जारी करके ट्रोल्स को जवाब दिया है.

25 मार्च को नमिता ने इंस्टाग्राम पर एक रील अपलोड की. उसमें उन्होंने ईद को आभार, दान और एकजुटता का सुंदर त्योहार बताया. खुद को हेल्थकेयर से जुड़ी व्यक्ति बताते हुए उन्होंने कहा कि उनकी एक दोस्त ने उन्हें नमाज के स्वास्थ्य लाभों के बारे में बताया था. नमिता ने नमाज को एक तरह की पूरी शरीर की एक्सरसाइज बताया, जिसमें झुकना, खड़े होना और सजदा करना शरीर की लचक बढ़ाता है और खून का संचार बेहतर करता है.

कैप्शन में उन्होंने लिखा था कि वे अपने करीबी दोस्तों के साथ ईद मना रही हैं और उनकी उस दोस्त को धन्यवाद दे रही हैं जिन्होंने नमाज के आध्यात्मिक के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी फायदे भी बताए. रील वायरल होते ही कुछ यूजर्स ने नमिता पर तीखे हमले शुरू कर दिए. कुछ ने पूछा कि क्या उन्हें सूर्य नमस्कार के फायदे पता हैं, तो कुछ ने हद पार करते हुए हिजाब-बुर्का पहनने की सलाह तक दे डाली. गाली-गलौज के साथ उनकी मां पर भी अश्लील टिप्पणियां की गईं.

लगातार तीन हफ्ते तक नफरत और अपमान झेलने के बाद नमिता ने नया वीडियो पोस्ट किया. उन्होंने बताया कि सुबह 6:30 बजे मुंबई के लिए निकलते हुए उन्होंने 7 बजे कार रोककर यह वीडियो बनाया क्योंकि उन्हें लगता है कि चुप रहना कोई अच्छी बात नहीं है. जब कोई अपमान करे तो बोलना जरूरी है. नमिता ने कहा कि शार्क टैंक के बाद से पिछले पांच सालों में वे पर्सनल ट्रोलिंग की आदी हो चुकी हैं, लेकिन इस बार उन्होंने देशवासियों से अपील की कि जब कुछ गलत होता दिखे तो इंसानियत और देशभक्ति के नाते आवाज उठाएं.

वीडियो में नमिता ने ट्रोल्स की दोहरी सोच पर सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि वे हिंदू धर्म और योग पर कई रील्स बनाती रही हैं. खासकर योग दिवस पर सूर्य नमस्कार के स्वास्थ्य लाभ बताती हैं, तब किसी ने कुछ नहीं कहा. लेकिन नमाज के फायदे बताने पर इतना विवाद क्यों? उन्होंने याद दिलाया कि उन्हें सिखाया गया है – ‘R’ का मतलब Religion (धर्म) के साथ-साथ Respect (सम्मान) भी होता है. क्या दो महिलाओं के साथ इस तरह का व्यवहार सम्मान कहलाता है?

नमिता ने ट्रोल्स को चेतावनी देते हुए हिंदू धर्म के ‘कर्म’ सिद्धांत का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि भगवान सब कुछ देख रहा है. महिलाओं के खिलाफ ऑनलाइन बुलिंग पर भी सवाल उठाया कि जब दो महिलाओं का इस तरह अपमान होता है तो लोग चुप क्यों रह जाते हैं?

अंत में नमिता ने हेटर्स को चुनौती दी– ''मेरी नेगेटिव रील्स को तो आपने बहुत वायरल कर दिया, अब इस रील को वायरल करके दिखाओ जिसमें मैं सम्मान और इंसानियत की बात कर रही हूं.'' नमिता थापर का यह जवाब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है, जहां लोग उनकी हिम्मत की तारीफ कर रहे हैं.

namita thapar namita thapar namaz shark tank namita thapar viral video

Recent News