संभल सीओ अनुज चौधरी की अब UP के इस शहर में हुई तैनाती... बनाए गए एडिशनल एसपी

Amanat Ansari 18 Sep 2025 02:37: PM 2 Mins
संभल सीओ अनुज चौधरी की अब UP के इस शहर में हुई तैनाती... बनाए गए एडिशनल एसपी

नई दिल्ली: यूपी के चर्चित पुलिस अधिकारी अनुज चौधरी, जो अर्जुन अवार्ड विजेता हैं, को संभल में 21 महीने की तैनाती के बाद अब फिरोजाबाद में नई जिम्मेदारी मिली है. सीओ से प्रमोट होकर एडिशनल एसपी बने अनुज को फिरोजाबाद, जिसे 'चूड़ियों का शहर' कहा जाता है, में एएसपी (ग्रामीण) के पद पर तैनात किया गया है. संभल में उनके कार्यकाल के दौरान कई घटनाएं सुर्खियों में रहीं, जिनमें उनके बयानों ने भी खूब चर्चा बटोरी.

तबादले के बाद अनुज चौधरी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि ट्रांसफर रूटीन प्रक्रिया है. उन्होंने कहा कि संभल में उनका कार्यकाल बहुत अच्छा रहा है. उन्होंने यहां अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की और लोगों को न्याय दिलाया. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों के द्वारा भी उन्हें अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने की छुट दी गई थी. अनुज चौधरी ने कहा कि आगे भी अपराधों को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करते रहेंगे.

अनुज चौधरी को 16 दिसंबर 2023 को संभल में सीओ के रूप में नियुक्त किया गया था. 24 नवंबर 2024 को संभल की जामा मस्जिद में कोर्ट के आदेश पर हुए सर्वे के दौरान हिंसा भड़की, जिसके बाद अनुज चौधरी चर्चा का केंद्र बन गए. उनकी टिप्पणियां, खासकर किष्किंधा रथयात्रा में गदा लेकर चलने और 'होली साल में एक बार, जुम्मा साल में 52 बार' वाले बयान ने विपक्षी दलों का ध्यान खींचा. इस बयान पर विवाद हुआ, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'इंडिया टुडे कॉन्क्लेव' में उनका समर्थन करते हुए उन्हें 'पहलवान' की उपमा दी.

संभल में अनुज का कार्यकाल उतार-चढ़ाव भरा रहा. उनके बयानों के चलते उन्हें कई बार जांच का सामना करना पड़ा. पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर ने भी उनकी शिकायत दर्ज की थी, जिसके बाद जांच शुरू हुई. अनुज ने सफाई दी कि उनके इरादे गलत नहीं थे. मई 2023 में उन्हें संभल के चंदौसी सर्किल में स्थानांतरित किया गया, जहां उन्होंने साढ़े चार महीने तक सेवा दी. 9 अगस्त 2025 को उन्हें स्वतंत्रता दिवस से पहले एएसपी के पद पर प्रमोशन मिला.

5 अगस्त 1980 को मुजफ्फरनगर के बधेरी गांव में जन्मे अनुज चौधरी ने 2000 में खेल कोटे से यूपी पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के रूप में करियर शुरू किया. 2003 में वे इंस्पेक्टर बने, 2012 में सीओ और अब 2025 में एएसपी के पद पर पहुंचे. 2005 में उन्हें कुश्ती में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अर्जुन अवार्ड से नवाजा गया था. अब फिरोजाबाद में नई भूमिका में अनुज चौधरी से नई चुनौतियों और जिम्मेदारियों को संभालने की उम्मीद है.

Anuj Chaudhary Sambhal CO Anuj Chaudhary promoted Firozabad Additional SP

Recent News