अर्जुन तेंदुलकर को T20 मुंबई लीग में मिला बड़ा ब्रेक! सैलरी में 400% का उछाल

Amanat Ansari 03 May 2026 08:05: PM 1 Mins
अर्जुन तेंदुलकर को T20 मुंबई लीग में मिला बड़ा ब्रेक! सैलरी में 400% का उछाल

मुंबई: सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में सीमित मौकों के बावजूद घरेलू T20 लीग में शानदार कमाई का मौका मिला है. T20 मुंबई लीग की नीलामी में ARCS अंधेरी ने अर्जुन पर भारी दांव लगाते हुए उन्हें 10 लाख रुपए में खरीद लिया. उनकी बेस प्राइस सिर्फ 2 लाख रुपए थी, यानी सैलरी में 400% की जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है.

26 वर्षीय इस ऑलराउंडर ने IPL 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की टीम से जगह बनाई है, लेकिन अभी तक उन्हें मैच खेलने का मौका नहीं मिला है. इसके बावजूद मुंबई लीग में उनकी कीमत आसमान छू गई. 10 लाख रुपए की यह बोली उनकी IPL सैलरी के लगभग 33% के बराबर है. 2 मई को हुई नीलामी में अर्जुन तेंदुलकर सबसे ज्यादा चर्चा में रहे.

जून में खेले जाएंगे T20 मुंबई लीग

ARCS अंधेरी ने उन्हें अपनी टीम में शामिल कर घरेलू मैदान पर बड़ा करार दिया. मुंबई क्रिकेट संघ (MCA) द्वारा आयोजित इस लीग के मैच IPL के समाप्त होने के बाद जून में खेले जाएंगे. अर्जुन ने पिछले कुछ समय से गोवा के लिए घरेलू क्रिकेट खेला है. BCCI ने उन्हें इस टूर्नामेंट में खेलने की अनुमति पहले ही दे दी थी. नीलामी में 16 वर्षीय इरा जाधव को भी आकाश टाइगर्स ने 10 लाख रुपए में खरीदा. पुरुष और महिला दोनों वर्गों की नीलामी में कुल 1.47 करोड़ रुपए खर्च किए गए.

इन स्टार्स के साथ खेलेंगे अर्जुन...

इस लीग में कई बड़े भारतीय खिलाड़ी आइकन प्लेयर के रूप में शामिल होंगे, जिनमें सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, अजिंक्य रहाणे, शिवम दुबे, यशस्वी जायसवाल, शार्दुल ठाकुर और सरफराज खान जैसे नाम शामिल हैं. अर्जुन तेंदुलकर के लिए यह टूर्नामेंट करियर में नया मोड़ साबित हो सकता है, जहां उन्हें लगातार खेलने और अपनी काबिलियत दिखाने का मौका मिलेगा.

Arjun Tendulkar IPL 2026 Lucknow Super Giants ARCS Andheri

Recent News