दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज लखनऊ में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के साथ एक साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी पर तीखा हमला बोला. इस दौरान स्वाति मालीवाल को लेकर जब उनसे सवाल किया गया तो, अरविंद केजरीवाल कुछ भी जवाब नहीं दे पाए और AAP राज्यसभा सांसद संजय सिंह की ओर इशारा करते हुए माइक आगे बढ़ा दिया.
पहले अखिलेश यादव ने भी मालीवाल के सवाल को टालने की कोशिश की, फिर माइक संजय सिंह के आगे कर दिया. वहीं संजय सिंह मालीवाल के मुद्दे को हटाते हुए मणिपुर पर चर्चा करने लगे. इस दौरान संजय सिंह ने स्वाति मालीवाल का नाम तो लिया, लेकिन तुरंत महिला पहलवानों की बात करने लगे.
संजय सिंह ने कहा कि जब उत्पीड़न को लेकर महिला पहलवान सड़क पर उतरी थी, तब यही दिल्ली पुलिस उन्हें घसीट कर ले गई थी. बता दें कि मारपीट का आरोप किसी और पर नहीं, बल्कि दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल के निजी सचिव विभव कुमार पर लगा है.
मामला जब बढ़ा तो बताया गया कि केजरीवाल ने विभव कुमार से नाराजगी जताई है. साथ ही उनके खिलाफ कार्रवाई की बात कही गई. इन सभी चर्चाओं के बीच विभव कुमार एक दिन पहले बुधवार शाम लखनऊ एयरपोर्ट पर केजरीवाल के साथ ही नजर आए.