आसनसोल : पश्चिम बंगाल के आसनसोल में टीएमसी ट्रेड यूनियन नेता राजू आहलूवालिया को कथित उगाही यानी “तोलाबाज़ी” के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया. आसनसोल साउथ थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में लिया. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, उनके खिलाफ जबरन वसूली और दबाव बनाकर पैसे मांगने से जुड़ी शिकायतें सामने आई थीं, जिनकी जांच के बाद गिरफ्तारी की गई.
गिरफ्तारी के तुरंत बाद पुलिस राजू आहलूवालिया को मेडिकल परीक्षण के लिए आसनसोल जिला अस्पताल लेकर पहुंची. जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और कई बिंदुओं पर पूछताछ की जा रही है. जांच एजेंसियां इस केस को इलाके में चल रही अन्य कथित उगाही और राजनीतिक दबाव से जुड़े मामलों से भी जोड़कर देख रही हैं.
आसनसोल का औद्योगिक क्षेत्र लंबे समय से ट्रेड यूनियन राजनीति और वर्चस्व की लड़ाई को लेकर चर्चा में रहा है. ऐसे में टीएमसी से जुड़े एक बड़े ट्रेड यूनियन नेता की गिरफ्तारी ने राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है. विपक्षी दल इस मुद्दे को लेकर राज्य सरकार और टीएमसी पर निशाना साध रहे हैं, जबकि सत्तारूढ़ दल की ओर से फिलहाल कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी कई अहम खुलासे हो सकते हैं और जांच के आधार पर अगली कार्रवाई तय की जाएगी.