असम पुलिस का बड़ा एक्शन: कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के दिल्ली स्थित घर पर छापा

Amanat Ansari 07 Apr 2026 12:57: PM 2 Mins
असम पुलिस का बड़ा एक्शन: कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के दिल्ली स्थित घर पर छापा

Assam Police raided Pawan Khera house: असम पुलिस की टीम ने कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के दिल्ली स्थित घर पर छापा मारा है. यह कार्रवाई असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी रिनकी सरमा की शिकायत पर दर्ज FIR के एक दिन बाद हुई है. दिल्ली पुलिस ने असम पुलिस की टीम को सहयोग प्रदान किया, क्योंकि दूसरे राज्य की पुलिस जब किसी दूसरे राज्य में जाती है तो स्थानीय पुलिस को सूचना देना जरूरी होता है. पवन खेड़ा इस समय अपने आवास पर मौजूद नहीं थे.

पूरा मामला क्या है?

रविवार को पवन खेड़ा ने दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर असम सीएम हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी रिनकी सरमा पर गंभीर आरोप लगाए थे. उन्होंने दावा किया कि रिनकी सरमा के पास संयुक्त अरब अमीरात (UAE), मिस्र और एंटीगुआ-बारबुडा के पासपोर्ट हैं. खेड़ा ने यह भी आरोप लगाया कि रिनकी सरमा के दुबई में कुछ संपत्तियां हैं और अमेरिका के व्योमिंग राज्य में उनकी एक कंपनी रजिस्टर्ड है, जिसका कुल मूल्य लगभग 34.67 बिलियन अमेरिकी डॉलर बताया गया.

उन्होंने यह भी कहा कि रिनकी सरमा होटल व्यवसाय में भी प्रवेश करने की योजना बना रही हैं. पवन खेड़ा ने इन आरोपों के आधार पर सवाल उठाया कि क्या रिनकी सरमा के पास अभी भी भारतीय पासपोर्ट और नागरिकता बरकरार है, क्योंकि भारत में दोहरी नागरिकता की अनुमति नहीं है.

इन विदेशी संपत्तियों और कंपनियों का जिक्र हिमंत बिस्वा सरमा के चुनावी हलफनामों में नहीं किया गया है. इन आरोपों को भ्रष्टाचार और चुनावी कानूनों के उल्लंघन से जोड़ते हुए पवन खेड़ा ने हिमंत बिस्वा सरमा की गिरफ्तारी और आगामी असम विधानसभा चुनावों से उनकी अयोग्यता की मांग की. उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस मामले की जांच के लिए SIT गठित करने की अपील भी की.

हिमंत बिस्वा सरमा का पलटवार

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इन आरोपों को पूरी तरह से बेबुनियाद, मनगढ़ंत और राजनीतिक साजिश बताया. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि पवन खेड़ा की प्रेस कॉन्फ्रेंस कांग्रेस की हताशा को दिखाती है. सरमा ने कहा कि वे और उनकी पत्नी दोनों 48 घंटे के अंदर पवन खेड़ा के खिलाफ आपराधिक और दीवानी मानहानि का मुकदमा दायर करेंगे.

रिनकी सरमा ने भी पवन खेड़ा पर पलटवार करते हुए कहा कि उनके आरोप फोटोशॉप और झूठ पर आधारित हैं. अब इस मामले में असम पुलिस ने पवन खेड़ा के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है और दिल्ली में उनके घर पर छापेमारी की गई है. पवन खेड़ा ने अपने आरोपों के समर्थन में कुछ दस्तावेज दिखाए थे, जिन्हें उन्होंने विदेश में रहने वाले अपने संपर्कों से प्राप्त बताया था. मामला अभी जारी है और आगे की जांच चल रही है.

Pawan Khera Assam Police Himanta Biswa Sarma wife FIR Delhi residence raid

Recent News