झांसी : उत्तर प्रदेश के झांसी में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद और उसके दोस्त सोनू की मौत हो गई. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों प्रयागराज से झांसी जिला जेल जा रहे थे, जहां वे अतीक के बेटे अली अहमद से मुलाकात करने वाले थे. अली अहमद फिलहाल झांसी जेल में बंद है और उसे वर्ष 2025 में नैनी जेल से सुरक्षा कारणों के चलते यहां शिफ्ट किया गया था.
बताया जा रहा है कि रास्ते में उनकी तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए हैं. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल कर रही है.
गौरतलब है कि अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की 15 अप्रैल 2023 को प्रयागराज में पुलिस कस्टडी के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इससे पहले उमेश पाल हत्याकांड के आरोपी अतीक के बेटे असद अहमद का 13 अप्रैल 2023 को झांसी में एसटीएफ एनकाउंटर में मारा गया था. वहीं, बड़ा बेटा उमर और अली अलग-अलग मामलों में कानून के शिकंजे में रहे हैं
फिलहाल इस सड़क हादसे ने एक बार फिर अतीक अहमद के परिवार को सुर्खियों में ला दिया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.