सुंदरगढ़: ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. एकतरफा प्यार में पागल युवक ने शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने से नाराज होकर 26 वर्षीय युवती को जिंदा जलाने की कोशिश की. आरोप है कि युवक ने देर रात युवती के घर की खिड़की से पेट्रोल डाला और आग लगा दी. घटना में युवती गंभीर रूप से झुलस गई और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.
पुलिस के मुताबिक, यह वारदात सुंदरगढ़ जिले के बिसरा ब्लॉक के जराटोला गांव में शुक्रवार देर रात हुई. उस समय युवती घर में अकेली सो रही थी. आरोपी ने पहले घर की खिड़की के जरिए कमरे में पेट्रोल डाला और फिर उसमें आग लगा दी. आग की लपटों से घिरी युवती की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से युवती पर शादी के लिए दबाव बना रहा था. युवती ने उसके प्रस्ताव को कई बार ठुकरा दिया था. पुलिस का कहना है कि इसी रंजिश में आरोपी ने उसे जान से मारने की नीयत से इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया.
घटना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए. जांच के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. उसके खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है और उससे पूछताछ जारी है.
अस्पताल में भर्ती युवती करीब 40 प्रतिशत तक झुलस गई है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है. पुलिस का कहना है कि पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया गया है और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है. इस घटना ने एक बार फिर महिलाओं के खिलाफ एकतरफा प्रेम और जुनूनी हिंसा की गंभीर समस्या को उजागर कर दिया है.