दिल्ली से अपहृत दो नाबालिग किशोरियां मुजफ्फरपुर से बरामद, वैशाली के दो युवक गिरफ्तार

Amanat Ansari 28 Jun 2026 04:28: PM 1 Mins
दिल्ली से अपहृत दो नाबालिग किशोरियां मुजफ्फरपुर से बरामद, वैशाली के दो युवक गिरफ्तार

हाजीपुर: दिल्ली के कापासहेड़ा थाना क्षेत्र से अपहृत दो नाबालिग किशोरियों का अपहरण कांड वैशाली-मुजफ्फरपुर पुलिस की तेज कार्रवाई से सुलझ गया. शनिवार को दोनों लड़कियों को मुजफ्फरपुर जिले के दीघरा इलाके से सकुशल बरामद कर लिया गया. साथ ही मामले में शामिल दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है.

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी वैशाली जिले के बेलसर थाना क्षेत्र अंतर्गत मनोरा गांव के निवासी दीपक पासवान और उसके चचेरे भाई देव हैं. दोनों पर दिल्ली के कापासहेड़ा थाने में अपहरण का मामला दर्ज था. आरोप है कि दोनों युवकों ने शादी का झांसा देकर नाबालिग किशोरियों को अपने साथ ले गए थे.

दिल्ली पुलिस ने वैशाली पुलिस के साथ समन्वय कर शुक्रवार सुबह से ही छापेमारी शुरू कर दी थी. आरोपियों के गांव मनोरा में दबिश दी गई, लेकिन उस समय न आरोपी मिले और न ही पीड़ित किशोरियां. पुलिस ने संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाते हुए लगातार तलाश जारी रखी.

शनिवार को मिली सूचना पर मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत दीघरा इलाके में छापेमारी की गई. यहां से दोनों नाबालिग किशोरियों को सकुशल बरामद किया गया और दोनों आरोपियों को भी पकड़ लिया गया.

आगे की कार्रवाई

बरामदगी के बाद पुलिस ने जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं. दोनों किशोरियों और आरोपियों को दिल्ली ले जाया गया है, जहां आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई चल रही है. यह सफलता दिल्ली और बिहार पुलिस के बेहतर समन्वय का नतीजा बताई जा रही है. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह देखा जा रहा है कि इसमें कोई और व्यक्ति शामिल तो नहीं है.

Delhi kidnapping Bihar kidnapping Muzaffarpur kidnapping minor girl kidnapping

Recent News