पत्नी पर शक ने पति को बनाया हैवान, गर्भवती महिला और अजन्मे बच्चे की एक साथ उतारा मौत के घाट

Global Bharat 28 Jun 2026 05:35: PM 3 Mins
पत्नी पर शक ने पति को बनाया हैवान, गर्भवती महिला और अजन्मे बच्चे की एक साथ उतारा मौत के घाट

लखनऊ : फरीदाबाद से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को हिला दिया है. पंचशील कॉलोनी पार्ट-2 में छह महीने की गर्भवती महिला नेहा कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. पुलिस की शुरुआती जांच में जो कहानी सामने आई है, वह बेहद दर्दनाक है. आरोप है कि नेहा के पति अमित गुप्ता ने घरेलू विवाद के बाद उसका सिर पानी से भरी बाल्टी में डुबोकर उसकी हत्या कर दी और फिर मौके से फरार हो गया.

नेहा कुमारी बिहार के मुजफ्फरपुर जिले की रहने वाली थीं. उनकी शादी पिछले साल 30 अप्रैल को उत्तर प्रदेश के हरदोई निवासी अमित गुप्ता से हुई थी. शादी के बाद दोनों फरीदाबाद में रहने लगे थे. बताया जा रहा है कि करीब एक महीने पहले ही दोनों ने पंचशील कॉलोनी स्थित अपने घर में गृह प्रवेश किया था, लेकिन जिस घर में नई जिंदगी की शुरुआत होनी थी, वही घर नेहा के लिए मौत का घर बन गया.

पुलिस के मुताबिक, घटना से पहले पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था. परिवार और पड़ोसियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या अमित अपनी पत्नी पर शक करता था. स्थानीय लोगों का दावा है कि अमित जब काम पर जाता था, तो घर के मेन गेट पर ताला लगाकर निकलता था. वह सुबह करीब साढ़े आठ से नौ बजे के बीच घर से निकलता और शाम को लौटता था. इस दौरान नेहा घर के भीतर ही बंद रहती थी. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह सब पत्नी पर शक के चलते किया जा रहा था.

अमित दिल्ली के लाजपत नगर में ग्राफिक डिजाइनर के तौर पर काम करता था. पड़ोसियों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से घर में तनाव जैसा माहौल था. आरोप है कि अमित को शक था कि नेहा का किसी से संबंध है. इसी शक ने धीरे-धीरे रिश्ते को हिंसा में बदल दिया. घटना वाले दिन विवाद इतना बढ़ा कि अमित ने कथित तौर पर नेहा के साथ मारपीट की और फिर उसका सिर पानी से भरी बाल्टी में डुबो दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.

घटना के बाद अमित ने कथित तौर पर अपने चाचा को फोन कर बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है, इसके बाद वह घर से फरार हो गया. उसका मोबाइल फोन भी बंद बताया जा रहा है. सूचना मिलने पर रिश्तेदार मौके पर पहुंचे और नेहा को मृत पाया. इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई.

पल्ला थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया. पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है और आरोपी पति की तलाश में अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

इस मामले का एक और दर्दनाक पहलू भी सामने आया है. बताया जा रहा है कि जिस घर में नेहा और अमित रह रहे थे, उसे नेहा के पिता ने अपनी बेटी और दामाद के रहने के लिए खरीदा था. निर्माण खर्च भी नेहा के पिता की तरफ से उठाए जाने की बात कही जा रही है. लेकिन घर का रजिस्ट्रेशन अमित के नाम पर कराया गया था. अब बेटी की मौत के बाद पूरा परिवार सदमे में है. 

नेहा सिर्फ एक पत्नी नहीं थीं, बल्कि मां बनने वाली थीं. उनकी मौत के साथ एक अजन्मे बच्चे की जिंदगी भी खत्म हो गई. पुलिस जांच कर रही है कि यह मामला सिर्फ घरेलू विवाद का था या शक, संपत्ति और रिश्तों में बढ़ती क्रूरता ने मिलकर इस हत्या को अंजाम दिया. फिलहाल फरीदाबाद पुलिस आरोपी अमित गुप्ता की तलाश में जुटी है.

Faridabad Pregnant Woman Murder Amit Gupta Case Neha Kumari Murder Haryana Crime News Husband Killed Pregnant Wife

Description of the author

Recent News