पाकिस्तानी हैंडलर को बिहार का युवक भेज रहा था खुफिया राज, राजस्थान में गिरफ्तार

Amanat Ansari 28 Jun 2026 01:15: PM 1 Mins
पाकिस्तानी हैंडलर को बिहार का युवक भेज रहा था खुफिया राज, राजस्थान में गिरफ्तार

हनुमानगढ़/दरभंगा: राजस्थान पुलिस की खुफिया टीम ने देश की सुरक्षा को गंभीर खतरे में डालने वाले एक जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है. बिहार के दरभंगा जिले का 20 वर्षीय युवक कृष्ण राय उर्फ शान को पाकिस्तान में बैठे हैंडलर शहजाद भट्टी को भारत की संवेदनशील खुफिया जानकारियां भेजने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है.

युवक का परिवार लंबे समय से राजस्थान के हनुमानगढ़ में रह रहा था. पुलिस के अनुसार, कृष्ण राय इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में था और नियमित रूप से गोपनीय सूचनाएं शेयर कर रहा था.

सोशल मीडिया का सहारा

हनुमानगढ़ के पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा ने बताया कि आरोपी लंबे समय से पाकिस्तानी हैंडलर शहजाद भट्टी से जुड़ा हुआ था. 24 जून को उसके खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज किया गया था. गिरफ्तारी के बाद आरोपी का मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर लिए गए हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच चल रही है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवक ने पाकिस्तानी हैंडलर को भारत की कौन-कौन सी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं और इसके बदले उसे कितनी रकम मिली.

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

इस घटना के बाद राजस्थान और बिहार पुलिस के साथ-साथ केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई हैं. जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी अकेला था या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है. यह मामला सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को पाकिस्तानी एजेंट्स द्वारा टारगेट किए जाने की बढ़ती प्रवृत्ति को उजागर करता है. सुरक्षा एजेंसियां युवाओं को जागरूक करने और ऐसे नेटवर्क पर नजर रखने के लिए विशेष अभियान चला रही हैं.

Sedition traitor crime news Rajasthan Police Pakistan Pakistani spy

Recent News