मीरजापुर : नगर से बीजेपी विधायक रत्नाकर मिश्रा ने एक इंटरव्यू में जनसंख्या और धार्मिक संतुलन को लेकर विवादित बयान दिया. उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा एक दर्जन बच्चे पैदा करने की थी, लेकिन मां विंध्यवासिनी की कृपा से उनके छह ही बच्चे हुए. अपने संबोधन में उन्होंने बढ़ती मुस्लिम आबादी को लेकर चिंता जताते हुए कई दावे किए.
रत्नाकर मिश्रा ने कहा कि मुस्लिमों की आबादी पहले 3 करोड़ थी, जो अब 30 करोड़ तक पहुंच गई है. उन्होंने यह भी दावा किया कि यदि यही स्थिति जारी रही तो आने वाले समय में यह संख्या 300 करोड़ तक पहुंच सकती है. विधायक ने कहा कि ऐसी स्थिति में हिंदू समाज केवल संग्रहालय (म्यूजियम) में देखने को मिलेगा और लोगों को बताया जाएगा कि कभी यहां हिंदू रहा करते थे. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हिंदुओं के घरों और जमीनों पर कब्जा कर लिया जाएगा.
अपने बयान में विधायक ने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार होने की वजह से ऐसे मंसूबे सफल नहीं हो पा रहे हैं, उनके मुताबिक, यदि वर्तमान सरकारें नहीं होतीं तो विरोधी ताकतें अपने उद्देश्यों की दिशा में काफी आगे बढ़ चुकी होती.
बीजेपी विधायक का यह बयान अब राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है, उनके बयान पर अलग-अलग राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों की प्रतिक्रियाएं सामने आ सकती हैं. हालांकि, इस संबंध में अभी तक किसी आधिकारिक प्रतिक्रिया या चुनाव आयोग अथवा प्रशासन की ओर से कोई बयान जारी नहीं किया गया है.