राम मंदिर चढ़ावा चोरी: ताबड़तोड़ छापेमारी जारी, गिरफ्तार 8 आरोपियों के घरों पर पुलिस की दबिश, 80 लाख पहले ही बरामद

Amanat Ansari 28 Jun 2026 02:45: PM 1 Mins
राम मंदिर चढ़ावा चोरी: ताबड़तोड़ छापेमारी जारी, गिरफ्तार 8 आरोपियों के घरों पर पुलिस की दबिश, 80 लाख पहले ही बरामद

अयोध्या: श्री राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले में पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है. रविवार सुबह गिरफ्तार किए गए सभी 8 आरोपियों के घरों पर पुलिस टीमों ने ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी. इससे पहले इन आरोपियों के पास से 80 लाख रुपए से अधिक की राशि बरामद की जा चुकी है.

पुलिस की टीमों ने अयोध्या के रामधाम स्थित स्वर्गद्वार मोहल्ले, कौशलपूरी और रुदौली समेत विभिन्न स्थानों पर दबिश दी. कई घर खुलवाने में पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी. टीमों ने संभावित साक्ष्य जुटाए और परिवारजनों व पड़ोसियों से पूछताछ की.

मुख्य आरोपी कौन?

सभी 8 आरोपी मंदिर में चढ़ावा गिनती और संबंधित कार्यों से जुड़े थे. इनमें चंपत राय के बेहद करीबी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, अविनाश शुक्ला, करुणेश पांडेय, मनीष यादव, रमाशंकर मिश्रा और सुभाष चंद्र श्रीवास्तव शामिल हैं. इन पर दान पेटियों की चाभी अनधिकृत रखने, नोटों की गिनती में हेराफेरी, जालसाजी और चोरी की रकम छिपाने के गंभीर आरोप हैं.

SIT रिपोर्ट के बाद तेज हुआ एक्शन

सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर गठित SIT की प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर नामजद FIR दर्ज की गई थी. रिपोर्ट आने के कुछ घंटों के अंदर ही सभी 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था. अब पुलिस इनकी हैसियत, संपत्ति और पहले से चोरी की गई संभावित रकम की जांच कर रही है. राम जन्मभूमि थाना प्रभारी ने छापेमारी की पुष्टि करते हुए कहा कि जांच के हित में आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी.

Ayodhya raids Ayodhya theft Offerings theft Ram Mandir

Recent News