नई दिल्ली: एयर इंडिया की दिल्ली-अमृतसर फ्लाइट AI-479 ने लैंडिंग की कोशिश के दौरान गो-अराउंड (दोबारा उड़ान) करते हुए कुछ देर के लिए पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र में प्रवेश कर लिया. यह घटना 22 जून को हुई, जिसमें विमान अंततः दिल्ली वापस सुरक्षित लैंड कर गया. एयर इंडिया ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया कि अमृतसर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान गो-अराउंड प्रक्रिया के समय विमान थोड़ी देर के लिए पाकिस्तान के एयरस्पेस में चला गया.
एयरलाइन ने तुरंत इसकी सूचना नियामक प्राधिकरण को दे दी और आंतरिक जांच शुरू कर दी है. कंपनी ने जोर देकर कहा कि यात्री और क्रू की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. DGCA ने घटना की पुष्टि की. फ्लाइट Airbus A321 (VT-PPV) अमृतसर पहुंचने वाली थी. रनवे पर पक्षी टकराव की संभावना के बाद निरीक्षण चल रहा था, जिसके कारण एटीसी ने विमान को होल्ड पर रखा. बाद में रडार वेक्टरिंग के दौरान विमान पाकिस्तानी एयरस्पेस में प्रवेश कर गया.
पाकिस्तान के एटीसी अधिकारियों के साथ समन्वय किया गया. इसके बाद विमान को अमृतसर की बजाय दिल्ली डायवर्ट कर दिया गया, जहां उसकी सुरक्षित लैंडिंग हुई. DGCA के अनुसार, पूरी प्रक्रिया में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया.
पाकिस्तान एयरस्पेस भारत के लिए प्रतिबंधित
बता दें कि पाकिस्तान का एयरस्पेस भारतीय विमानों (सिविल और मिलिट्री दोनों) के लिए बंद है. यह प्रतिबंध पहलगाम आतंकी हमले और सीमा तनाव के बाद लगाया गया था और हाल ही में 24 जुलाई तक बढ़ाया गया है. ऐसे में इस तरह की घटना का संज्ञान लिया जा रहा है. यात्री और क्रू सुरक्षित हैं. एयरलाइन और DGCA दोनों इस घटना की गहन जांच कर रहे हैं.