नई दिल्ली: फ्रांस में हुए विमान हादसे के कुछ ही समय बाद सऊदी अरब से भी एक बड़ी दुर्घटना की खबर सामने आई है. देश की सरकारी तेल कंपनी सऊदी अरामको का एक हेलीकॉप्टर पूर्वी शहर रास तनुरा में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार सभी 14 लोगों की मौत हो गई. हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है, जबकि अधिकारियों ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.
सऊदी ऊर्जा मंत्रालय के मुताबिक, यह हादसा रविवार सुबह करीब 6 बजे (स्थानीय समय) हुआ. हेलीकॉप्टर रास तनुरा क्षेत्र में उड़ान भर रहा था, तभी वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोग सऊदी नागरिक थे और किसी के भी जीवित बचने की सूचना नहीं है.
फिलहाल दुर्घटना की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. सऊदी सरकार ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और संबंधित एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हादसा तकनीकी खराबी, मानवीय त्रुटि या किसी अन्य कारण से हुआ. ऊर्जा मंत्रालय ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है.
रास तनुरा सऊदी अरब का बेहद महत्वपूर्ण औद्योगिक और तेल निर्यात केंद्र है. यहां दुनिया की सबसे बड़ी तेल कंपनियों में शामिल सऊदी अरामको की प्रमुख रिफाइनरी और निर्यात टर्मिनल स्थित है. हाल ही में क्षेत्रीय तनाव के कारण कुछ समय के लिए यहां से कच्चे तेल की लोडिंग प्रभावित हुई थी, जिसे बाद में फिर शुरू किया गया था.
हेलीकॉप्टर हादसा ऐसे समय हुआ है जब पश्चिम एशिया में हाल के महीनों में सुरक्षा चुनौतियां बढ़ी हैं. हालांकि अभी तक अधिकारियों ने इस दुर्घटना को किसी बाहरी हमले से जोड़कर नहीं देखा है. जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी.