आजमगढ़ : भारत में खैनी और तंबाकू का सेवन करने वाले लोगों के लिए यह खबर किसी बड़े सबक से कम नहीं है। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ के रहने वाले सौरभ राय को खैनी के चक्कर में बहरीन एयरपोर्ट पर 18 दिनों तक कस्टडी में रहना पड़ा। उनके बैग में तंबाकू और चूना मिलने के बाद बहरीन के कस्टम विभाग ने उन्हें हिरासत में ले लिया था। आखिरकार करीब 18 लाख रुपये का जुर्माना भरने के बाद उन्हें रिहाई मिल सकी। अब सौरभ राय सुरक्षित भारत लौट आए हैं।
जानकारी के मुताबिक, सौरभ राय यात्रा के सिलसिले में बहरीन पहुंचे थे। इस दौरान एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग की जांच में उनके सामान से तंबाकू और चूना बरामद हुआ। इसके बाद वहां के अधिकारियों ने उन्हें हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि बहरीन में तंबाकू और उससे जुड़ी सामग्री को लेकर सख्त नियम हैं। ऐसे में भारतीय युवक के बैग में इन चीजों की मौजूदगी उनके लिए भारी पड़ गई।
मामला इतना बढ़ गया कि सौरभ को लगातार 18 दिनों तक कस्टडी में रहना पड़ा। इस दौरान उनकी रिहाई के लिए कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। आखिरकार 7200 बहरीन दीनार का जुर्माना चुकाना पड़ा, जिसकी भारतीय मुद्रा में कीमत लगभग 18 लाख रुपये बताई जा रही है।
जुर्माने की रकम जमा होने के बाद सौरभ को रिहा कर दिया गया और अब वह भारत लौट चुके हैं। इस घटना ने विदेश यात्रा करने वाले भारतीयों के लिए एक जरूरी सवाल खड़ा कर दिया है कि जिस देश में वे जा रहे हैं, वहां के कानून और प्रतिबंधित वस्तुओं की जानकारी रखना कितना जरूरी है।
भारत में सामान्य मानी जाने वाली कोई चीज दूसरे देश में प्रतिबंधित हो सकती है। ऐसे में यात्रा से पहले संबंधित देश के कस्टम नियमों की जानकारी लेना बेहद जरूरी है। सौरभ राय का यह मामला छोटी सी लापरवाही की बड़ी कीमत चुकाने की एक मिसाल बन गया है।