बांग्लादेशी सांसद अनवारुल अजीम अनार की पश्चिम बंगाल के कोलकाता में हत्या की खबर सामने आई है. हालांकि उनका शव नहीं मिला है. अनवारुल पिछले सप्ताह से लापता थे और उनके फोन का आखिरी लोकेशन बिहार में मिला था. बांग्लादेश के गृह मंत्री ने उनकी हत्या की बात कबूली है.
उनका कहना है कि बांग्लादेश के लोगों ने ही उनकी हत्या की है. सांसद अनवारुल अजीम अनार 12 मई को कोलकाता आए थे. वहीं अबतक कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है कि उनकी हत्या क्यों की गई है. जबकि दावा किया जा रहा है कि उनकी हत्या सोने की तस्करी के कारण हुई है, जो सोने के कारोबार करते थे.
इस मामले को लेकर बांग्लादेशी गृह मंत्री ने बुधवार को बताया कि बांग्लादेश पुलिस ने इस सिलसिले में 3 लोगों को गिरफ्तार किया है. अब तक हमें यही पता चला है कि इसमें शामिल सभी हत्यारे बांग्लादेशी हैं. यह एक सुनियोजित हत्या थी. हम जल्द ही हत्या की वजह बताएंगे. भारत की पुलिस हमारा सहयोग कर रही है.
बांग्लादेश की संसद की वेबसाइट के मुताबिक, अनवारुल अजीम बांग्लादेश अवामी लीग के सदस्य थे. वे तीन बार के सांसद थे. अजीम खुलना डिवीजन के मधुगंज के रहने वाले थे. उनकी पहचान सांसद के इतर बिजनेसमैन और किसान की भी थी. वह झेनाइदाह-4 से सांसद थे.
जानकारी मिली है कि अनवारुल अजीम पश्चिम बंगाल में इलाज करवाने के लिए आए थे. कोलकाता पुलिस के मुताबिक यह एक सोची-समझी हत्या है. हालांकि अभी नवारुल अजीम की हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है और पुलिस की जांच जारी है.