बांकीपुर उपचुनाव में बड़ा सियासी धमाका! तेज प्रताप यादव की उम्मीदवार वीणा मानवी का नामांकन रद्द, लगाया साजिश का आरोप

Amanat Ansari 14 Jul 2026 05:43: PM 1 Mins
बांकीपुर उपचुनाव में बड़ा सियासी धमाका! तेज प्रताप यादव की उम्मीदवार वीणा मानवी का नामांकन रद्द, लगाया साजिश का आरोप

पटना: बिहार की बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासी गर्मा-गर्मी बढ़ गई है. जनशक्ति जनता दल (JJD) की प्रत्याशी वीणा मानवी का नामांकन चुनाव आयोग की टीम ने रद्द कर दिया. इस फैसले के बाद JJD प्रमुख तेज प्रताप यादव ने सीधे सरकार पर षड्यंत्र और मिलीभगत का गंभीर आरोप लगाया है. पटना कलेक्ट्रेट पहुंचे तेज प्रताप यादव अपनी उम्मीदवार वीणा मानवी के साथ काफी देर तक अंदर रहे. बाहर निकलते ही उनका गुस्सा साफ दिख रहा था.

उन्होंने पत्रकारों से कहा, ''यह सरकार की साजिश है. जनता की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है. हम इस लड़ाई को लड़ेंगे और जनता के अधिकार की रक्षा करेंगे.'' चुनाव आयोग की जांच के दौरान वीणा मानवी का नामांकन खारिज कर दिया गया. हालांकि, अभी तक रद्द करने की सटीक वजह सार्वजनिक रूप से नहीं बताई गई है.

तेज प्रताप ने इसे प्रक्रिया में गड़बड़ी बताते हुए सवाल उठाया. JJD कार्यकर्ता इस फैसले से बेहद नाराज हैं. कलेक्ट्रेट के बाहर कार्यकर्ताओं की भीड़ जुट गई और नारेबाजी शुरू हो गई. बांकीपुर बिहार की प्रमुख और प्रतिष्ठित सीट मानी जाती है. यहां उपचुनाव का नतीजा न सिर्फ स्थानीय, बल्कि पूरे राज्य की राजनीति को प्रभावित कर सकता है.

तेज प्रताप यादव अपनी पार्टी JJD को मजबूत करने की कोशिश में लगे हैं और महिला उम्मीदवार वीणा मानवी को खास तौर पर मैदान में उतारा गया था. नामांकन रद्द होने के बाद अब JJD के सामने नई उम्मीदवार खड़ा करने या कानूनी रास्ता अपनाने के विकल्प बचे हैं. तेज प्रताप ने संकेत दिया है कि वे इस मुद्दे को ऊंचे स्तर तक ले जाएंगे.

Bankipur Assembly by-election bankipur bypoll Bihar election news Bihar politics

Recent News