तमिलनाडु में सियासी भूचाल! AIADMK के 10 और विधायक TVK में शामिल होने को तैयार, विजय की पार्टी बहुमत के करीब

Amanat Ansari 12 Jul 2026 02:28: PM 1 Mins
तमिलनाडु में सियासी भूचाल! AIADMK के 10 और विधायक TVK में शामिल होने को तैयार, विजय की पार्टी बहुमत के करीब

चेन्नई: तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा उथल-पुथल मचा हुआ है. अभिनेता से मुख्यमंत्री बने सी. जोसेफ विजय की पार्टी तमिलगा वेत्रि कड़गम (TVK) अब विधानसभा में बहुमत हासिल करने की राह पर तेजी से बढ़ रही है. सूत्रों के अनुसार, मुख्य विपक्षी दल AIADMK के करीब 10 और असंतुष्ट विधायक जल्द ही इस्तीफा देकर TVK में शामिल होने वाले हैं. इस पूरे अभियान को पार्टी के अंदर ‘ऑपरेशन एल’ नाम दिया गया है.

इस्तीफों की यह प्रक्रिया स्वतंत्रता दिवस से पहले पूरी करने की तैयारी है, ताकि चुनाव आयोग उपचुनावों की घोषणा से पहले स्थिति साफ हो जाए. मई में जिन 25 AIADMK विधायकों ने पार्टी व्हिप तोड़कर विजय सरकार को समर्थन दिया था, उनमें से कई पहले ही TVK में शामिल हो चुके हैं या शामिल होने की कगार पर हैं.

वर्तमान में तमिलनाडु विधानसभा में 227 विधायक हैं. TVK के पास 107 विधायक हैं, जबकि AIADMK की संख्या घटकर 41 रह गई है. हाल ही में AIADMK के पूर्व मंत्री सी. विजयभास्कर, एम.आर. विजयभास्कर, एम.एस.एम. आनंदन और एस. वलारमथी समेत कई नेता TVK में जा चुके हैं.

सूत्र बताते हैं कि अगले जत्थे में AIADMK के प्रभावशाली नेता एस. पी. वेलुमणि और सी. वी. शनमुगम के करीबी विधायक शामिल हो सकते हैं. इन नेताओं को उपचुनाव में TVK का टिकट और जीतने पर कैबिनेट में मंत्री पद दिए जाने का आश्वासन दिया गया है. AIADMK के असंतुष्ट नेताओं का आरोप है कि पार्टी अध्यक्ष एडप्पादी पलानीस्वामी तानाशाही चला रहे हैं और आंतरिक कलह सुलझाने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रहे.

विपक्ष ने इस दलबदल को ‘पॉलिटिकल वाशिंग मशीन’ बताया है, जबकि TVK ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है. यह रणनीति विजय को न सिर्फ बहुमत दिलाएगी, बल्कि विपक्ष की मजबूत चुनावी मशीनरी को भी अपनी पार्टी में समाहित करने में मदद करेगी.

AIADMK TVK CM Vijay Tamil Nadu Politics

Recent News