Bhangar Bomb Blast Case : पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के भांगर क्षेत्र में चुनावी हिंसा के दौरान हुए बम विस्फोट मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बड़ा अभियान चलाया है. गुरुवार सुबह NIA की टीमों ने एक साथ 9 अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की. इन ठिकानों का संबंध तृणमूलग कांग्रेस (TMC) के पूर्व विधायक शौकत मोल्लाह और उनके करीबी लोगों से बताया जा रहा है. केंद्रीय सुरक्षा बलों की मौजूदगी में की गई इस कार्रवाई से इलाके में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है.
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई 2023 के पंचायत चुनावों के दौरान भांगर में हुई हिंसा और बम विस्फोट की घटना से जुड़ी जांच के तहत की जा रही है. उस दौरान कई स्थानों पर बमबाजी, गोलीबारी और हिंसक झड़पों की घटनाएं सामने आई थीं, जिनमें कई लोग घायल हुए थे. NIA पहले ही इस मामले को अपने हाथ में लेकर विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है. सूत्रों के मुताबिक, एजेंसी को कुछ ऐसे दस्तावेज, डिजिटल उपकरण और अन्य सबूत मिलने की उम्मीद है जो विस्फोट की साजिश, आरोपियों के नेटवर्क और कथित राजनीतिक संबंधों पर प्रकाश डाल सकते हैं. छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने कई लोगों से पूछताछ भी की है. हालांकि, NIA की ओर से अभी तक बरामदगी या जांच से जुड़ी कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है.
पूर्व विधायक शौकत मोल्लाह का नाम सामने आने के बाद राज्य की राजनीति में भी बयानबाजी तेज हो गई है. विपक्षी दल इस कार्रवाई को कानून-व्यवस्था और राजनीतिक हिंसा से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि TMC नेताओं का कहना है कि केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक उद्देश्यों के लिए किया जा रहा है. फिलहाल NIA की तलाशी और जांच जारी है. एजेंसी द्वारा जुटाए जा रहे साक्ष्यों के आधार पर आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे या नई कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है.