बांग्लादेश को 200 एकड़ जमीन लौटाने का मामला क्या है, BSF ने क्यों लिया ऐसा फैसला?

Global Bharat 16 Sep 2024 06:43: PM 1 Mins
बांग्लादेश को 200 एकड़ जमीन लौटाने का मामला क्या है, BSF ने क्यों लिया ऐसा फैसला?

भारतीय सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने बांग्लादेश को लेकर बड़ा फैसला लिया है. दरअसल,  रविवार को बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) और भारतीय सीमा सुरक्षा बल (BSF) के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच बैठक हुई, जिसमें विवादित भूमि का फिर से सर्वेक्षण करने और इसे सही मालिकों को वापस करने का साझा निर्णय लिया गया. पूरा मामला कुश्तिया में दौलतपुर सीमा पर पद्मा नदी के कटाव के कारण 200 एकड़ भूमि से जुड़ा हुआ है. यह जमीन अब वापस बांग्लादेशी भूस्वामियों को वापस मिलने वाली है.

बता दें कि दौलतपुर उपजिला में रामकृष्णपुर संघ के चालिशपारा क्षेत्र में स्थित यह भूमि पद्मा नदी के मार्ग में बदलाव और प्राकृतिक आपदाओं के कारण विवाद में रही है, जिसने तीन किलोमीटर के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सीमा स्तंभों को अव्यवस्थित कर दिया है. इस समस्या की पहचान सबसे पहले इस साल की शुरुआत में किए गए एक सर्वेक्षण में की गई थी. BGB की 47वीं बटालियन के कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल एम महबूब मुर्शेद रहमान ने मामले की पुष्टि की.

इसी बीच बैठक के दौरान विवादित भूमि का फिर से सर्वेक्षण करने और इसे सही मालिकों को वापस करने पर सहमति बनी. 10 फरवरी को सर्वेक्षण के दौरान यह पता चला कि बांग्लादेश की करीब 200 एकड़ जमीन भारतीय क्षेत्र में आ गई है. वहीं करीब 40 एकड़ भारतीय जमीन बांग्लादेश के क्षेत्र में चली गई है. दोनों देश अब अक्टूबर में आधिकारिक तौर पर सीमाओं को सही करने की तैयारी कर रहे हैं. इसी बीच रविवार को दौलतपुर के महिषकुंडी में जमालपुर सीमा चौकी के सीमा स्तंभ 152/7-एस पर आयोजित बैठक में सीमा पर हत्याओं को रोकने और मादक पदार्थों की तस्करी से निपटने जैसे व्यापक मुद्दों पर भी चर्चा की गई.

बांग्लादेशी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व लेफ्टिनेंट कर्नल रहमान ने किया, जबकि रोशनबाग बटालियन के कमांडेंट विक्रम देव सिंह ने BSF का प्रतिनिधित्व किया. इस दौरान लेफ्टिनेंट कर्नल रहमान ने कहा कि जब तक दोबारा सर्वेक्षण पूरा नहीं हो जाता, तब तक किसी को भी विवादित भूमि का उपयोग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी. उन्होंने हाल ही में सीमा पर हुए विभिन्न मुद्दों को भी रखा.

Recent News