Bhopal rape case: भोपाल में 11वीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा के साथ हुए रेप और ब्लैकमेल के मामले में पुलिस की जांच से कई हैरान करने वाले तथ्य सामने आए हैं. मुख्य आरोपी ओसाफ अली खान ने कथित तौर पर छात्रा के साथ कई बार कार में दुष्कर्म किया, जबकि उसका साथी माज खान घटना के दौरान बाहर खड़ा रहकर मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड करता रहा.
पुलिस रिमांड के दौरान माज ने कबूल किया कि उसने जानबूझकर योजना बनाई थी और शीशे के बाहर से अंदर का दृश्य कैद किया. वीडियो बनने के बाद दोनों ने इसका इस्तेमाल छात्रा को बार-बार धमकाने और ब्लैकमेल करने के लिए किया. वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर उसे जबरन शारीरिक संबंध बनाने पर मजबूर किया गया और 40 हजार रुपए भी ऐंठे गए.
क्राइम में इस्तेमाल SUV कार जब्त
पुलिस ने इस क्राइम में इस्तेमाल होने वाली महिंद्रा थार SUV को जब्त कर ली है, जिसे आरोपी ने सीहोर जिले के किसी गांव में छिपाया हुआ था. माज खान के पास कई लग्जरी वाहन थे जिनमें अलग-अलग स्थानों पर अपराध दोहराया गया. वीडियो रिकॉर्ड करने वाला आईफोन अभी तक बरामद नहीं हुआ है. आरोपी का दावा है कि जब उसका नाम सामने आया, तो उसने फोन तोड़कर फेंक दिया. पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है और सबूत जुटाने में जुटी है.
दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी
माज खान के दो अन्य करीबी साथियों की भी तलाश जारी है. उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया गया था, लेकिन वे थाने नहीं पहुंचे, जिससे पुलिस को उनकी संलिप्तता पर शक है. अभी तक किसी अन्य पीड़िता की कोई शिकायत नहीं आई है, लेकिन ऐसी शिकायत आने पर उचित कार्रवाई की जाएगी. मुख्य आरोपी ओसाफ अली खान को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.
कोर्ट परिसर में आरोपी की पिटाई
माज खान को 8 फरवरी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 13 फरवरी तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया. कोर्ट परिसर में ही भीड़ ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी थी. FIR 2 फरवरी को कोहेफिजा थाने में दर्ज हुई थी, जिसमें कार में रेप, धर्म परिवर्तन के लिए दबाव और आपत्तिजनक वीडियो से ब्लैकमेलिंग के आरोप लगे थे. जांच में यह भी सामने आया है कि थार वाहन माज खान का ही था और वह कई महंगे वाहनों का इस्तेमाल करता था.