पटना: बिहार सरकार ने सरकारी कर्मचारियों के लिए मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली (HRMS) को और मजबूत करते हुए एक नया कदम उठाया है. शुक्रवार, 23 मई 2025 को बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन सोसाइटी के अपर मुख्य सचिव और मिशन निदेशक डॉ. बी. राजेंद्र ने HRMS के चार प्रमुख मॉड्यूल्स—नियमित कर्मियों का पंजीकरण, ई-सेवा पुस्तिका, कर्मचारी स्वयं सेवा, और छुट्टी प्रबंधन—के हस्तक का लोकार्पण किया. यह हस्तक सरकारी कर्मचारियों के लिए HRMS के उपयोग को सरल बनाने में मदद करेगा और इसे सभी विभागों व कार्यालयों में शीघ्र उपलब्ध कराया जाएगा.

HRMS प्रणाली को अगस्त 2022 से चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा रहा है, जिसके तहत सचिवालय, क्षेत्रीय कार्यालयों, प्रमंडलों और जिलों के सभी कर्मचारियों को शामिल किया गया है. इस प्रणाली के जरिए कर्मचारियों की सेवा से जुड़ी सभी जानकारी जैसे वेतन, पद, पेंशन, अवकाश, भविष्य निधि आदि को डिजिटल और पेपरलेस तरीके से संभाला जाएगा. कर्मचारियों को उनकी विशिष्ट पहचान के आधार पर हर कार्रवाई की जानकारी तुरंत ई-मेल या SMS के जरिए मिलेगी. इससे सेवा संबंधी शिकायतें कम होंगी और प्रक्रियाएं पारदर्शी और तेज होंगी.

यह भी पढ़ें: नीतीश कुमार के आदेश पर दलित टोलों में विकास की बयार: शिविर में आए 23 लाख आवेदन, तेजी से हो रहा निपटारा
HRMS के पहले चरण में पे-रोल मॉड्यूल लागू किया गया, जिसके तहत वर्तमान में 6.27 लाख कर्मचारियों को वेतन भुगतान हो रहा है. दूसरे चरण में 10 मॉड्यूल्स जैसे लीव मैनेजमेंट, ई-सर्विस बुक, कैडर मैनेजमेंट आदि लागू किए गए हैं. कर्मचारियों को इन मॉड्यूल्स का उपयोग आसान बनाने के लिए निरंतर प्रशिक्षण दिया जा रहा है और सरल भाषा में हस्तक तैयार किए गए हैं.
हस्तक की PDF प्रति HRMS पोर्टल (https://hrms.bihar.gov.in) पर उपलब्ध है, जहां से इसे डाउनलोड किया जा सकता है. लोकार्पण समारोह में अपर मिशन निदेशक डॉ. प्रतिमा सहित मिशन सोसाइटी के अन्य अधिकारी मौजूद थे.