उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में दो बाइक सवारों ने भीम राव अंबेडकर की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया. अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए तीन टीमें बनाई हैं. अधिकारियों ने बताया कि यह घटना अलीगढ़ के दादों थाना अंतर्गत वाजिदपुर गांव में हुई.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोषियों के खिलाफ मामला दर्ज किया. सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) रविशंकर प्रसाद ने बताया कि थाना दादों के अंतर्गत वाजिदपुर गांव में सूचना मिली थी कि कुछ लोगों ने बाबा साहब की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया है. हमने मौके पर जाकर जांच की. पता चला है कि बाइक सवार दो लोगों ने बाबा साहब की प्रतिमा के दाहिने हाथ की एक उंगली को क्षतिग्रस्त कर दिया है.
हमने उचित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. बाइक बरामद कर ली गई है और आरोपियों की पहचान कर ली गई है. उन्हें पकड़ने के लिए तीन टीमें बनाई गई हैं और कानूनी कार्रवाई की जाएगी. मामले पर आगे की जानकारी का इंतजार है और जांच जारी है.