खंडवा : मध्य प्रदेश के हरदा जिले के रहने वाले एक मुस्लिम युवक ने बकरा ईद के दौरान पशुओं की कुर्बानी देखने के बाद सनातन धर्म अपनाने का फैसला किया. युवक का नाम बिलाल बताया जा रहा है, जिसने खंडवा स्थित महादेवगढ़ मंदिर में वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार शुद्धिकरण संस्कार कराया और नया नाम विशाल धारण किया.
विशाल ने बताया कि बचपन से वह बकरा ईद पर होने वाली कुर्बानी को देखता आ रहा था, लेकिन इस बार यह दृश्य उसे भीतर तक झकझोर गया. उसका कहना है कि मासूम जानवरों की हत्या देखकर उसका मन बेहद व्यथित हो गया और उसने जीवन की दिशा बदलने का निर्णय लिया. इसी सोच के साथ उसने सनातन धर्म के सिद्धांतों और परंपराओं को समझना शुरू किया.
महादेवगढ़ मंदिर में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान के दौरान पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उसका शुद्धिकरण कराया, इसके बाद उसे ‘विशाल’ नाम दिया गया. मंदिर प्रबंधन का कहना है कि युवक ने अपनी इच्छा से धर्म परिवर्तन किया है और किसी प्रकार का दबाव या प्रलोभन नहीं दिया गया. यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है. वहीं, युवक का कहना है कि उसने यह फैसला पूरी तरह अपनी आस्था और व्यक्तिगत विचारों के आधार पर लिया है.