दतिया: मध्य प्रदेश के दतिया जिले में भाजपा के पार्षद कल्लू कुशवाहा की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे सेवढ़ा चुंगी चौराहे पर यह घटना हुई. पार्षद रोजाना की तरह सुबह टहलने (मॉर्निंग वॉक) के लिए निकले थे. तभी अचानक कुछ हमलावर वहां पहुंचे और उन पर लगातार गोलीबारी कर दी. गोली लगते ही वे वहीं गिर गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
हमलावर फायरिंग के बाद तुरंत भाग निकले. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में तनाव फैल गया. पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है ताकि हमलावरों की पहचान हो सके. पुलिस की जांच के अनुसार, हत्या के पीछे पुरानी दुश्मनी या आपसी रंजिश हो सकती है.
जानकारी के मुताबिक, कल्लू कुशवाहा पर पहले हत्या का एक मामला दर्ज था, जिसमें उन्हें आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी. वे महज चार महीने पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आए थे. पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने के लिए भेज दिया है और आरोपी व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश में जुट गई है. अभी तक हमलावरों की पहचान नहीं हो पाई है.