भाजपा विधायक श्याम बिहारी लाल की हार्ट अटैक से मौत, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया दुख

Amanat Ansari 02 Jan 2026 06:14: PM 1 Mins
भाजपा विधायक श्याम बिहारी लाल की हार्ट अटैक से मौत, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया दुख

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से दुखद खबर आई है. फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक प्रोफेसर डॉ. श्याम बिहारी लाल का शुक्रवार को अचानक दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया.

यह घटना बरेली के सर्किट हाउस में उस समय हुई जब वे पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह की अध्यक्षता में चल रही एक महत्वपूर्ण बैठक में शामिल थे. बैठक के दौरान दोपहर में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. सहयोगियों ने उन्हें फौरन मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने काफी प्रयास के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

गौरतलब है कि डॉ. श्याम बिहारी लाल ने महज एक दिन पहले यानी 1 जनवरी को अपना 60वां जन्मदिन कार्यकर्ताओं के साथ मनाया था. वे पेशे से महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय में प्राचीन इतिहास एवं संस्कृति विभाग के प्रोफेसर थे और एक सादगीपूर्ण एवं जनता से जुड़े नेता के रूप में जाने जाते थे.

फरीदपुर (एससी) सीट से उन्होंने 2017 और 2022 दोनों विधानसभा चुनावों में भाजपा के टिकट पर जीत हासिल की थी. 2017 में उन्होंने समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार को हराया था.

उनके निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि यह आकस्मिक निधन अत्यंत दुखद है और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की. भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की है.

Faridpur MLA death Dr. Shyam Bihari Lal heart attack Bareilly news Yogi Adityanath

Recent News