नई दिल्ली: INDIA गठबंधन की रामलीला मैदान में होने वाली बड़ी रैली से ठीक पहले भाजपा दिल्ली इकाई ने एक तीखा पोस्टर जारी कर विपक्षी नेताओं पर निशाना साधा है. फिल्म पोस्टर स्टाइल में बने इस ग्राफिक का शीर्षक है “ठगों का मेला” (Fair of Thugs). पोस्टर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी और शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे समेत कई INDIA ब्लॉक नेताओं की तस्वीरें हैं.
इसमें लिखा गया है कि रैली का मकसद “देश विरोधी ताकतों के इशारे पर अफवाह और अराजकता फैलाना तथा अपनी राजनीतिक जमीन बचाना” है. पोस्टर पर मजाकिया अंदाज में लिखा है: “Directed by Rahul Gandhi and Produced by Akhilesh Yadav”. भाजपा दिल्ली ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्टर शेयर करते हुए लिखा: “आज दिल्ली के रामलीला मैदान में फिर से लगने वाला है – ‘ठगों का मेला’. मकसद – अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए देश विरोधी ताकतों के इशारे पर देश में अफवाह व अराजकता फैलाना.”
यह पोस्टर INDIA गठबंधन की “वोट बचाओ, देश बचाओ” रैली से ठीक पहले आया है. विपक्षी दल रामलीला मैदान में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. वे स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) और कथित चुनावी अनियमितताओं का विरोध कर रहे हैं. कई राज्यों से प्रदर्शनकारी दिल्ली पहुंचे हैं और “वोट चोर, गद्दी छोड़” जैसे नारे लगा रहे हैं.
कुछ प्रदर्शनकारियों ने पंजाब-हरियाणा बॉर्डर पर पुलिस बैरिकेडिंग की शिकायत भी की है. भाजपा का यह पोस्टर वार विपक्ष की रैली को “अराजकता फैलाने” वाला बताकर राजनीतिक रूप से काउंटर करने की कोशिश माना जा रहा है. वहीं, विपक्षी दल इसे लोकतांत्रिक अधिकारों की आवाज बताते हुए CEC के इस्तीफे की मांग पर अड़े हुए हैं.