जबलपुर: मध्य प्रदेश के जबलपुर में भाजपा की महिला नेता संगीता रजक की अपनी ही लाइसेंसी पिस्टल से गोली लगने से मौत हो गई. यह दर्दनाक घटना शनिवार देर रात करीब 1 से 2 बजे के बीच न्यू शोभापुर इलाके में हुई. पुलिस के अनुसार, संगीता रजक के घर के बाहर कुछ लोगों के बीच गाली-गलौज और शोर-शराबा हो रहा था.
आवाज सुनकर संगीता अपने पति बंटी रजक के साथ बाहर निकलीं. विवाद बढ़ने पर गुस्से में संगीता घर के अंदर गईं और पिस्टल लेकर बाहर आईं. इसी दौरान हड़बड़ाहट में पिस्टल का ट्रिगर दब गया और गोली उनके पेट में लग गई. घायल हालत में उन्हें तुरंत हैदराबाद ओमेगा अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.
संगीता रजक कौन थीं?
संगीता रजक भाजपा की सक्रिय कार्यकर्ता थीं. उन्होंने पिछले नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा के टिकट पर गोकलपुर वार्ड से पार्षद का चुनाव लड़ा था, हालांकि वह हार गई थीं. इस बार भी वह चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही थीं. उनके पति बंटी रजक भी भाजपा में सक्रिय हैं और विधायक प्रतिनिधि रह चुके हैं. कुछ दिन पहले अज्ञात बदमाशों ने उनके घर के बाहर बम फेंका था और कार में तोड़फोड़ की थी, जिसकी शिकायत भी दर्ज कराई गई थी.
रांझी थाना पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करा लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में इसे दुर्घटना माना जा रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई. कई नेता अस्पताल पहुंचे. यह घटना जबलपुर में चर्चा का विषय बनी हुई है.