लखनऊ: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) और पंजाब पुलिस के संयुक्त अभियान में बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) और आईएसआई समर्थित मॉड्यूल के सक्रिय आतंकी लाजर मसीह को गिरफ्तार कर लिया गया. यह अभियान कौशांबी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र में सुबह करीब 3:20 बजे चलाया गया. आतंकी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही धर लिया गया.
यह भी पढ़ें: जयशंकर की पाकिस्तान को चेतावनी...''चुराया हुआ पार्ट POK लौटाओ...मामले को सुलझाओं''
उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त डीजी अमिताभ यश ने मीडिया को बताया कि पंजाब के अमृतसर के कुर्लियान गांव का रहने वाला मसीह कथित तौर पर बीकेआई के जर्मनी स्थित मॉड्यूल के प्रमुख स्वर्ण सिंह उर्फ जीवन फौजी से जुड़ा है और वह पाकिस्तान स्थित आईएसआई के गुर्गों के सीधे संपर्क में भी था. अभियान के दौरान यूपी एसटीएफ ने तीन जिंदा हैंड ग्रेनेड समेत विस्फोटक और अवैध हथियारों का जखीरा बरामद किया.
आतंकी के पास 2 जिंदा डेटोनेटर, एक विदेशी निर्मित नोरिंको एम-54 टोकरेव पिस्तौल (7.62 मिमी), विदेश में बने तेरह कारतूस (7.62x25 मिमी), सफेद रंग का विस्फोटक पाउडर, गाजियाबाद के पते वाला आधार कार्ड व बिना सिम कार्ड वाला मोबाइल फोन मिला है. एसटीएफ ने कहा कि मसीह 24 सितंबर 2024 को पंजाब में न्यायिक हिरासत से भाग गया था. उसके नेटवर्क और संभावित आतंकी साजिशों का पता लगाने के लिए आगे की जांच चल रही है.
यह भी पढ़ें: वैध रूप से US गए लोगों पर भी संकट, 1 लाख से ज्यादा भारतीय आश्रितों को सता रहा यह डर...