नई दिल्ली: दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के निकट हुए कार बम विस्फोट ने बॉलीवुड अभिनेत्री पायल घोष को गहरा सदमा पहुंचाया है. इस घटना में उनकी बचपन की सबसे प्रिय सहेली सुनीता मिश्रा की मौत हो गई. पायल ने खुद इस दुखद खबर को साझा करते हुए अपनी पीड़ा व्यक्त की.
सोमवार, 10 नवंबर की शाम लगभग 6:52 बजे रेड फोर्ट क्षेत्र में एक चलती कार में जोरदार धमाका हुआ. विस्फोट स्थल पर चारों ओर अफरातफरी फैल गई. चीखें गूंजीं और जगह-जगह खून बिखर गया. मृतकों की पहचान होने पर पता चला कि पायल की करीबी दोस्त सुनीता मिश्रा भी इस हमले का शिकार बनीं.
बॉलीवुड बबल से बातचीत में पायल ने बताया कि सुनीता मेरी स्कूल की दोस्त थी. महज सात दिन पहले हमारी लंबी बात हुई थी. वह मेरे लिए परिवार जैसी थी. बचपन से हर खुशी-गम हमने साथ बांटा. वह हमेशा हंसती-मुस्कुराती और सकारात्मक ऊर्जा देती थी. इतनी नेक आत्मा को इस तरह खो देना असहनीय है. मुझे विश्वास नहीं हो रहा. इस घटना में जान गंवाने वाले हर व्यक्ति को न्याय मिलना चाहिए.
पायल घोष तेलुगु व कन्नड़ सिनेमा में सक्रिय रही हैं. हिंदी फिल्म ‘कोई जाने ना’ के अलावा उन्होंने लोकप्रिय टीवी धारावाहिक ‘साथ निभाना साथिया’ में राधिका की भूमिका निभाई थी. इस हादसे ने पूरे देश के साथ-साथ फिल्म जगत को भी स्तब्ध कर दिया है.