Bulandshahr Hanuman Mandir video : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में हनुमान मंदिर परिसर में नमाज अदा किए जाने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है. औरंगाबाद थाना क्षेत्र के गांव ओलिना में हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
जानकारी के अनुसार गांव ओलिना में एक मकान का निर्माण कार्य चल रहा था, जहां पड़ोसी गांव जहरा के कुछ मजदूर और राजमिस्त्री काम कर रहे थे. दोपहर के समय भोजन अवकाश के दौरान राजमिस्त्री असर मोहम्मद मंदिर परिसर में पहुंच गया और वहां नमाज अदा की, उसके साथ नजर मोहम्मद भी मौजूद था. घटना का वीडियो किसी व्यक्ति ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई.
सूचना मिलते ही औरंगाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. प्रारंभिक जांच में पुलिस ने पाया कि दोनों व्यक्ति पास के निर्माणाधीन मकान में मजदूरी करने आए थे और दोपहर के समय मंदिर परिसर में नमाज पढ़ी गई थी.
पुलिस के अनुसार इस मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. जांच के बाद असर मोहम्मद और नजर मोहम्मद को गिरफ्तार कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की गई है. मामले में मकान मालिक राजकुमार का नाम भी एफआईआर में शामिल किया गया है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी. साथ ही प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है. घटना के बाद इलाके में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है. प्रशासन का कहना है कि सामाजिक सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और कानून अपने तरीके से काम कर रहा है.