CJP का बड़ा आरोप- ''जंतर-मंतर पर टीयर गैस गन तैनात, बीजेपी गुंडे घुसा रहे, माहौल बिगाड़ने की साजिश'

Amanat Ansari 19 Jul 2026 03:47: PM 1 Mins
CJP का बड़ा आरोप- ''जंतर-मंतर पर टीयर गैस गन तैनात, बीजेपी गुंडे घुसा रहे, माहौल बिगाड़ने की साजिश'

नई दिल्ली: नीट पेपर लीक के खिलाफ जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन ने रविवार को तीखा मोड़ ले लिया है. पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को जबरन अस्पताल पहुंचाए जाने के बाद 21वें दिन अनशन स्थल छावनी में तब्दील हो चुका है. इस बीच 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) ने दिल्ली पुलिस और बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि जंतर-मंतर पर आंसू गैस की गन पहुंच चुकी हैं और माहौल बिगाड़ने की तैयारी हो रही है.

CJP ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पोस्ट करते हुए कहा कि उनके सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी और दिल्ली पुलिस से जुड़े 30-40 गुंडे प्रदर्शन स्थल में घुस चुके हैं. ये लोग भड़काऊ बयानबाजी कर आंदोलन को बदनाम करने की कोशिश करेंगे. पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं से अपील की है कि ऐसे शरारती तत्वों को तुरंत पहचानकर बेनकाब करें. अपने आरोपों को मजबूत करने के लिए CJP ने एक तस्वीर भी जारी की है, जिसमें सुरक्षा बल का एक जवान आंसू गैस की गन लेकर प्रदर्शनकारियों के ठीक सामने बैठा दिख रहा है.

सोनम वांगचुक का भावुक संदेश

सफदरजंग अस्पताल में भर्ती सोनम वांगचुक ने अपनी पत्नी गीतांजलि जे. आंग्मो के माध्यम से हाथ से लिखा संदेश जारी किया. उन्होंने 20 जुलाई को प्रस्तावित संसद मार्च को "भारत का दूसरा स्वतंत्रता आंदोलन" बताया और लिखा- "20 जुलाई. भारत का दूसरा स्वतंत्रता आंदोलन. अन्याय से आजादी (जैसे पेपर लीक). डर से आजादी (मेरी अवैध हिरासत). संसद मार्च. कृपया इसे एक बड़ी सफलता बनाएं."

वांगचुक ने अपना अस्पताल में रखना अवैध हिरासत करार दिया है. कल सोमवार को संसद की ओर मार्च निकालने की तैयारी है. बढ़ते तनाव के बीच दिल्ली पुलिस पूरी मुस्तैदी से अलर्ट मोड पर है. स्थिति संवेदनशील बनी हुई है और कल दिल्ली की सड़कों पर क्या कुछ होता है, इस पर पूरे देश की नजरें टिकी हैं.

CJP protest BJP goons Sonam Wangchuk hunger strike Delhi Police misconduct

Recent News