नाखूनों में छिपा था सुराग… DNA से सुलझी दो साल पुरानी हत्या की गुत्थी, रायपुर पुलिस ने 3 को दबोचा

Amanat Ansari 05 Oct 2026 06:19 PM 1 Mins
नाखूनों में छिपा था सुराग… DNA से सुलझी दो साल पुरानी हत्या की गुत्थी, रायपुर पुलिस ने 3 को दबोचा

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में करीब दो साल पहले हुई 40 वर्षीय महिला की हत्या का मामला वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर सुलझ गया है. पुलिस ने मृतका के नाखूनों से मिले डीएनए प्रोफाइल के मिलान से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मामला खमतराई थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर का है. 21 अगस्त 2024 को लता साहू (40) की हत्या हो गई थी. उस समय आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी थी.

जांच के दौरान मृतका के नाखूनों में अज्ञात व्यक्तियों के जैविक निशान मिले थे. पुलिस ने इन नमूनों का डीएनए परीक्षण कराकर प्रोफाइल सुरक्षित रख ली थी साल 2026 में कुछ संदिग्धों के बारे में जानकारी मिलने पर उनके डीएनए सैंपल्स लिए गए. तीनों आरोपियों का डीएनए महिला के नाखूनों से मिले निशानों से मैच हो गया. वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ में घटना की कई अहम जानकारियां सामने आईं.

पुलिस के अनुसार, लता साहू के पहले पति का निधन हो चुका था. घटना वाले दिन मनहरण सारंग (33), राजेश पाल उर्फ चोटी उर्फ राजू (31) और राजू मंडल उर्फ बंगाली (35) उसके घर पहुंचे. तीनों परिचित थे. शराब पीने के बाद विवाद हुआ. राजू मंडल ने लता का गला दबाया, जबकि अन्य दो ने उसके हाथ-पैर पकड़ रखे.

संघर्ष के दौरान लता ने आरोपियों को नोचा, जिससे उनके जैविक निशान नाखूनों में रह गए. आरोपी कैश, साड़ी और पायल लेकर फरार हो गए. गिरफ्तार आरोपियों में राजू मंडल के खिलाफ पहले से चोरी और हत्या के मामले दर्ज हैं. पुलिस ने वैज्ञानिक जांच की सफलता पर जोर दिया है.

Recent News