लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी (BSP) की सुप्रीमो मायावती ने एक बार फिर अपने बड़े भतीजे आकाश आनंद को पार्टी में वापस बुला लिया है. मायावती ने सोमवार को एक्स पर पोस्ट कर आकाश आनंद को फिर से पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक (नेशनल कोऑर्डिनेटर) नियुक्त करने की घोषणा की. यह फैसला पार्टी और आंदोलन के हित में लिया गया है.
मायावती ने अपने पोस्ट में लिखा, “काफी सोच-विचार करने के बाद पार्टी और मूवमेंट के हित में आकाश आनंद को फिर BSP का राष्ट्रीय संयोजक बनाकर पार्टी में कार्य करने का मौका दे रही हूं. उम्मीद है कि उनके ससुर अशोक सिद्धार्थ द्वारा राजनीति से संन्यास लेने के बाद अब पार्टी में सब कुछ ठीक और सुचारू ढंग से चलेगा.”
उन्होंने बताया कि आकाश आनंद की वापसी के लिए उनके छोटे भाई ईशान आनंद और अन्य नेताओं ने भी सहमति दी थी. मायावती ने आकाश के राजनीतिक उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनका व्यक्तित्व पार्टी में काफी हद तक ठीक रहा है, लेकिन पिछले दिनों कुछ कारणों से संगठन में बार-बार बदलाव करने पड़े थे. अंततः आकाश के ससुर अशोक सिद्धार्थ को राजनीति से संन्यास लेना पड़ा.
मायावती ने आगे कहा कि आकाश के व्यक्तित्व और कार्यशैली में बदलाव भी दिख रहा है. इसका प्रमाण उनका हालिया सोशल मीडिया पोस्ट है, जिसमें उन्होंने माफी मांगी थी. पार्टी के अधिकांश लोगों का भी यही कहना था कि आकाश को दोबारा मौका दिया जाए. मायावती ने आकाश, उनके भाई ईशान और पिता आनंद कुमार को अपना प्यार और आशीर्वाद दिया. साथ ही बहुजन समाज और शुभचिंतकों का आभार भी व्यक्त किया.
गौरतलब है कि सितंबर 2026 में मायावती ने आकाश आनंद को राष्ट्रीय संयोजक पद से हटाया और फिर पार्टी से पूरी तरह मुक्त कर दिया था. आकाश पर आरोप था कि वे पार्टी के बजाय परिवार और निजी हितों को प्राथमिकता दे रहे थे. 2 अक्टूबर को आकाश ने मायावती से सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए कहा था कि BSP उनका परिवार है और वे किसी अन्य पार्टी में नहीं जाएंगे.
उन्होंने मायावती को अपनी राजनीतिक गुरु और ‘बुआ मां’ बताया था. यह आकाश आनंद की BSP में तीसरी बार वापसी मानी जा रही है. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले यह फैसला पार्टी के अंदर महत्वपूर्ण माना जा रहा है. अब देखना होगा कि आकाश आनंद इस मौके का कैसे इस्तेमाल करते हैं.