नेतन्याहू ने कैप्टन स्मित मच्छार से फोन पर की बात, कहा- ‘आप पूरी दुनिया के नायक हैं’

Amanat Ansari 05 Oct 2026 06:02 PM 1 Mins
नेतन्याहू ने कैप्टन स्मित मच्छार से फोन पर की बात, कहा- ‘आप पूरी दुनिया के नायक हैं’

यरुशलम/नई दिल्ली: इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने शनिवार को भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से फोन पर बातचीत की और उन्हें ‘पूरी दुनिया का नायक’ बताया. नेतन्याहू ने फ्लाईदुबई विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की सह-पायलट की कथित साजिश को नाकाम करने के लिए कैप्टन मच्छार की बहादुरी की सराहना की.

यूएई के एक अस्पताल में इलाज करा रहे 38 वर्षीय कैप्टन मच्छार का हालचाल पूछते हुए नेतन्याहू ने कहा, “आप इजराइल, भारत और पूरी दुनिया के नायक हैं.” उन्होंने कैप्टन मच्छार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोनों को इजराइल के स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में मशाल प्रज्वलित करने के लिए आमंत्रित किया.

नेतन्याहू ने कहा, “यह हमारे लिए सबसे बड़ा सम्मान है, जो हम अपने स्वतंत्रता दिवस पर प्रदान करते हैं. आमतौर पर यह केवल इजराइल के नागरिकों के लिए है, लेकिन मुझे लगता है कि इस मामले में इजराइल का हर नागरिक आपका सम्मान करेगा. हम उम्मीद करते हैं कि आप जल्द ही इजराइल आएंगे.”

इजराइल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक्स पर इस बातचीत की जानकारी साझा की. कैप्टन स्मित मच्छार ने हाल ही में फ्लाईदुबई की दुबई-तेल अवीव फ्लाइट में को-पायलट के हमले को विफल कर सैकड़ों यात्रियों की जान बचाई थी. उनकी बहादुरी की दुनियाभर में सराहना हो रही है.

Israel Prime Minister Benjamin Netanyahu Indian pilot Smit Macchar Flydubai

Recent News