श्रावस्ती: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार को श्रावस्ती पहुंचकर सियासी पारा चढ़ा दिया. भिनगा विधानसभा क्षेत्र में हुई जनसभा के दौरान उन्होंने हाल ही में बसपा छोड़कर AIMIM में शामिल हुए हाजी दद्दन खां को पार्टी का प्रत्याशी घोषित कर दिया.
ओवैसी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश कुंवारों के हाथ में है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “जब कमरा भी कुंवारों को नहीं दिया जाता तो प्रदेश कैसे दे दिया जाए.” ओवैसी ने तथाकथित धर्मनिरपेक्ष और विपक्षी पार्टियों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे कभी नहीं चाहतीं कि उत्तर प्रदेश में मुसलमानों का अपना मजबूत राजनीतिक दल खड़ा हो या सत्ता में उनकी हिस्सेदारी बढ़े. उन्होंने कहा कि विपक्षी दल चाहते हैं कि अब्दुल सिर्फ चुनावी रैलियों में दरी बिछाए, जिंदाबाद के नारे लगाए, वोट दे और घर लौट जाए.
सपा पर हमला बोलते हुए ओवैसी ने उसे ‘चाइना का माल’ बताया और कहा कि ऐसा माल ज्यादा दिन नहीं चलता. उन्होंने बताया कि उन्होंने इंडिया गठबंधन में शामिल होने के लिए हाथ बढ़ाया था, लेकिन अखिलेश यादव की ओर से कोई जवाब नहीं मिला. ओवैसी ने कहा कि उनका हाथ अखिलेश के गिरेबान तक भी जा सकता है, लेकिन भाजपा को रोकने के लिए जरूरत पड़ी तो आज भी गठबंधन के लिए तैयार हैं.
उन्होंने बुलडोजर एक्शन और मदरसों के बंद होने पर भी सवाल उठाए. ओवैसी ने दावा किया कि श्रावस्ती में करीब 300 मदरसे बंद किए गए तथा 18 मदरसों, 37 कब्रिस्तानों और मजारों को ढहाया गया, लेकिन सपा समेत अन्य कथित धर्मनिरपेक्ष दलों ने आंख-कान बंद कर रखे हैं.
गौरतलब है कि AIMIM में शामिल होते ही दद्दन खां की मुश्किलें भी बढ़ गईं. 12 सितंबर को सदस्यता दिलाने के रोड शो के दौरान अनुमति न लेने के आरोप में उनके और AIMIM प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली समेत कई लोगों के खिलाफ पुलिस रिपोर्ट दर्ज की गई थी.