अब्दुल-अब्दुल क्या होता है?’ पत्रकार के सवाल पर भड़के सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी

Global Bharat 05 Oct 2026 12:20 AM 1 Mins
अब्दुल-अब्दुल क्या होता है?’ पत्रकार के सवाल पर भड़के सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी

लखनऊ : रामपुर में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी की रणनीति और मुस्लिम वोटों को लेकर पूछे गए सवाल पर सपा सांसद मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी भड़क गए. प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकार ने सवाल में ‘अब्दुल’ शब्द का इस्तेमाल किया तो सांसद ने इस पर आपत्ति जताते हुए मुसलमानों का मजाक नहीं उड़ाने की नसीहत दे दी.

मोहिबुल्लाह नदवी ने कहा कि आखिर अब्दुल-अब्दुल क्या होता है. उन्होंने सवाल पूछने वाले पत्रकार से राष्ट्रीय मुद्दों पर बात करने को कहा. सांसद ने कहा कि किसी समुदाय को एक नाम के जरिए संबोधित करना या उसका मजाक उड़ाना उचित नहीं है. उनके इस बयान के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में माहौल कुछ देर के लिए गरमा गया.

दरअसल, उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अभी से अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. खासकर मुस्लिम और पिछड़ा-दलित वोट बैंक को लेकर सपा की रणनीति पर लगातार सवाल उठ रहे हैं. रामपुर सपा का मजबूत राजनीतिक गढ़ माना जाता रहा है और यहां से लोकसभा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी पार्टी के प्रमुख मुस्लिम चेहरों में शामिल हैं.

सांसद ने साफ संकेत दिया कि चुनावी बहस को केवल मुस्लिम समाज या ‘अब्दुल’ जैसे संबोधनों तक सीमित करने के बजाय रोजगार, महंगाई, विकास और देश से जुड़े बड़े मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए. मोहिबुल्लाह नदवी का यह बयान अब राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है.

 खासकर 2027 के चुनाव से पहले सपा की मुस्लिम राजनीति और उसके वोट बैंक को लेकर लगातार हो रही बयानबाजी के बीच सांसद का यह तेवर काफी अहम माना जा रहा है. प्रेस कॉन्फ्रेंस का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी इस बयान को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं.

Mohibullah Nadvi Rampur SP MP Abdul Remark UP 2027 Election Samajwadi Party

Description of the author

Recent News