असम जासूसी कांड: सेवानिवृत्त आर्मी जवान समेत 2 गिरफ्तार, पाकिस्तान को सेना की मूवमेंट डिटेल्स लीक करने का आरोप

Amanat Ansari 04 Oct 2026 10:25 PM 1 Mins
असम जासूसी कांड: सेवानिवृत्त आर्मी जवान समेत 2 गिरफ्तार, पाकिस्तान को सेना की मूवमेंट डिटेल्स लीक करने का आरोप

गुवाहाटी: असम में एक बड़ा जासूसी मामला सामने आया है. असम पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक सेवानिवृत्त आर्मी जवान भी शामिल है. उन पर आरोप है कि वे पाकिस्तानी खुफिया एजेंट को भारतीय सेना की मूवमेंट और सुरक्षा संबंधी संवेदनशील जानकारी सौंप रहे थे.

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने रविवार को बताया कि सेंट्रल एजेंसियों के इनपुट के आधार पर असम पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें से एक सेवानिवृत्त जवान वर्तमान में आर्मी में कॉन्ट्रैक्ट बेसिस पर काम कर रहा था. मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों को केंद्र की एजेंसियों को सौंप दिया जाएगा.

हनी ट्रैप का शक

सरमा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोनों के हनी ट्रैप में फंसने के संकेत मिले हैं. असम पुलिस के अनुसार, एक आरोपी अभिषेक कुमार सिंह (31) बिहार के पूर्वी चंपारण का रहने वाला है और गुवाहाटी में किराए के घर में रह रहा था. तेजपुर स्थित गजराज कोर की मिलिट्री इंटेलिजेंस से मिली सूचना के आधार पर स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने 3-4 अक्टूबर की रात को गुवाहाटी से उसे गिरफ्तार किया.

उसके पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड और संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए गए. पुलिस का कहना है कि आरोपी पाकिस्तानी खुफिया एजेंट के निर्देश पर सुरक्षा बलों से जुड़ी गुप्त जानकारी लीक कर रहा था. आगे की जांच जारी है. यह मामला सीमावर्ती राज्य असम में सुरक्षा संबंधी लीक और हनी ट्रैप की बढ़ती घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ा रहा है.

Recent News