‘हनुमान अंश’ का कमाल! नीम करोली बाबा के कैंची धाम में श्रद्धालुओं का हुजूम, सड़कें जाम

Amanat Ansari 04 Oct 2026 10:05 PM 1 Mins
‘हनुमान अंश’ का कमाल! नीम करोली बाबा के कैंची धाम में श्रद्धालुओं का हुजूम, सड़कें जाम

नैनीताल/हल्द्वानी: बॉलीवुड फिल्म हनुमान अंश की जबरदस्त सफलता का असर सिनेमाघरों से बाहर निकलकर उत्तराखंड के कैंची धाम तक पहुंच गया है. नीम करोली बाबा के आश्रम में सप्ताहांत पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे आसपास की सड़कें पूरी तरह जाम हो गईं. हल्द्वानी से कैंची धाम, नैनीताल और अल्मोड़ा की ओर जाने वाले रूट पर यातायात ठप पड़ गया. सामान्यतः 2-3 घंटे का सफर 10 से 12 घंटे तक खिंच गया. भीमताल, भवाली और गरम पानी के आसपास लंबी कतारें लग गईं. वीडियो में कारों, बसों और दोपहिया वाहनों की लंबी लाइनें साफ नजर आ रही हैं.  

एम्बुलेंस और जरूरी सामान भी फंसे

जाम से सिर्फ पर्यटक ही नहीं, स्थानीय लोग भी परेशान हैं. एक यात्री ने बताया कि उनकी 72 वर्षीय मां और 80 वर्षीय रिश्तेदार हल्द्वानी से अल्मोड़ा के लिए दोपहर को निकले, लेकिन गरम पानी पहुंचने में ही रात के 11:30 बज गए. एम्बुलेंस, स्कूल के बच्चे, बुजुर्ग और जरूरी सामान ले जाने वाले वाहन भी घंटों फंसे रहे. स्थानीय निवासी अब वीकेंड से पहले ही घर छोड़ने या वैकल्पिक रास्ते अपनाने लगे हैं. यह सड़क पहाड़ों की जीवन रेखा है, जहां दवाइयां और रोजमर्रा का सामान पहुंचता है.  

पुलिस ने लगाए प्रतिबंध

भीड़ को देखते हुए रविवार को पुलिस ने विशेष व्यवस्था की. बाहरी दोपहिया वाहनों को कैंची रूट पर प्रवेश से रोका गया, कुछ ट्रैफिक को काठगोदाम-भीमताल से डायवर्ट किया गया और ज्योलीकोट हाईवे पर वन-वे मूवमेंट शुरू किया गया. पार्किंग से शटल सेवाएं बढ़ाई गईं, फिर भी भीड़ का दबाव बना रहा. रोजाना का फुटफॉल 4-5 हजार से बढ़कर 6 हजार से अधिक हो गया है, जबकि वीकेंड पर 15-20 हजार या उससे ज्यादा श्रद्धालु पहुंच रहे हैं.

फिल्म की सफलता से बढ़ा आकर्षण

कम बजट (करीब 2 करोड़ रुपये) में बनी हनुमान अंश ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाया है. 58वें दिन तक भारत में नेट कलेक्शन करीब 321.73 करोड़ रुपये और वर्ल्डवाइड ग्रॉस लगभग 419 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. फिल्म देखने के बाद लोग नीम करोली बाबा के बारे में जानने और कैंची धाम पहुंचने लगे हैं. आश्रम में एंट्री-एग्जिट व्यवस्था कड़ी की गई है और स्वयंसेवक भीड़ संभाल रहे हैं. फिल्म का असर अब सिनेमा से आगे बढ़कर पहाड़ी सड़कों तक महसूस किया जा रहा है.

Kainchi Dham traffic Hanuman Ansh Neem Karoli Baba

Recent News