बिहार में भूमि सर्वेक्षण को लेकर एनडीए सरकार बैकफुट पर है, क्योंकि इसे पूरा करने का डेडलाइन दिसंबर 2020 था, लेकिन वह काम आज भी अधर में लटका हुआ है और नीतीश कुमार की किरकिरी हो रही है. इस बीच सीएम नीतीश कुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह मूमि सर्वेक्षण के मुदे पर राज्य के आईएस के सामने गिड़गिड़ाते हुए नजर आ रहे हैं.
वीडियो में नीतीश कुमार पहले चीफ सेक्रेटरी ब्रजेश मल्होत्रा के साथ सख्ती से पेश आते हैं और कहते हैं ‘’भूमि सर्वेक्षण का काम दिसंबर 2020 को पूरा होना था और आज 2024 आधा पार कर चुका है, लेकिन काम पूरा नहीं हुआ. फिर नीतीश कुमार उन्हें 2025 का अल्टीमेटम देते हैं और जब देखते हुए इससे भी काम नहीं बनने वाला है तो गिड़गिड़ाने लगते हैं.
इस दौरान सीएम कहते हैं 'हाथ जोड़ कर कह रहा हूं, जमीन सर्वेक्षण का काम पूरा करा लें. पैर पकड़ने को कहेंगे तो पैर भी पकड़ लेंगे'. इस मीटिंग में राज्य के कई बड़े अधिकारी भी मौजूद रहते हैं, वह नीतीश कुमार को देखते ही रह जाते हैं. वहीं वीडियो वायरल होने के बाद सीएम नीतीश कुमार का यह रूप देखकर लोग अचंभित हो गए हैं और तरह के प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.
इस दौरान सीएम नीतीश के साथ विभागीय मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल भी मौजूद रहते हैं जो कहते हैं कार्य के प्रति मुख्यमंत्री की चिंता देखकर उनका रोम-रोम खड़ा हो गया. हम सहमत हैं कि भूमि विवाद समाप्त होने से समाज में शांति आएगी और यह कार्य जल्द पूरा होना चाहिए.
बताते चलें कि बिहार में भूमि विवाद का मुद्दा बहुत बड़ा होता जा रहा है, इसे लेकर कई बार हिंसा भी देखने को मिलती है और हार बार नीतीश कुमार को याद दिलाया जाता है कि उसने 2020 तक भूमि सर्वेक्षण को पूरा कर लेने की बात कही थी, जो अब तक पूरा नहीं हुआ.
बता दें कि राज्य में भूमि सर्वेक्षण के लिए अंचलों में विशेष शिविर आयोजित किया जा रहा है. इसमें एक विशेष सर्वेक्षण सहायक बन्दोबस्त पदाधिकारी, दो कानूनगो एवं अंचल के कुल राजस्व ग्रामों के विरुद्ध प्रत्येक चार राजस्व ग्रामों के लिए एक विशेष सर्वेक्षण अमीन की तैनाती की गई है.
अब तक 20 जिलों के 4933 राजस्व ग्रामों में ग्राम सीमा सत्यापन एवं किस्तवार किया गया. 4304 राजस्व ग्रामों में खानापुरी की प्रक्रिया पूरी हो गई है. 3561 राजस्व ग्रामों के रैयतों के मध्य खानापुरी पर्चा एवं लैंड पार्सल मैप का वितरण किया जा चुका है, लेकिन अभी भी बहुत काम बाकी है.