चेन्नई: तमिलनाडु की उद्योग एवं निवेश संवर्धन मंत्री एस. कीर्तना (S Keerthana) सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक फेक वीडियो को लेकर ट्रोल हो रही थीं. वीडियो में एक महिला कार से उतरते दिख रही थी और उसे मंत्री का बताकर प्रचारित किया जा रहा था. इस पर कीर्तना ने X पर लंबा पोस्ट लिखकर ट्रोलर्स और विपक्षी दलों को करारा जवाब दिया है.
शिवकाशी विधानसभा सीट से चुनी गईं और थलपति विजय की TVK सरकार की सबसे युवा मंत्री ने साफ किया कि वीडियो में दिख रही महिला वे नहीं हैं. लेकिन साथ ही उन्होंने सवाल उठाया, ''अगर वह मैं ही होती, तो इससे किसी को क्या फर्क पड़ना चाहिए?''
पितृसत्तात्मक सोच पर कड़ा प्रहार
कीर्तना ने इस विवाद को महिला-विरोधी मानसिकता का नतीजा बताया. उन्होंने लिखा कि जब विपक्षी दल सरकार की नीतियों, शासन या काम के आधार पर चुनौती नहीं दे पाते, तो वे नेताओं और उनके परिवारों के निजी जीवन के बारे में फर्जी कहानियां गढ़ने लगते हैं. उन्होंने पूछा, “किसी महिला के कपड़े, उसका लुक या उसकी खुशी आज भी सार्वजनिक सुनवाई और ट्रोलिंग का मुद्दा क्यों बनी हुई है? जिनके पास देने के लिए कुछ ठोस नहीं होता, महिला-विरोधी सोच उनका सबसे पुराना हथियार होती है.
वीडियो वाली महिला से मांगी माफी
मंत्री ने उस अज्ञात महिला के प्रति भी संवेदना जताई, जो सिर्फ शक्ल मिलने के कारण इस राजनीतिक विवाद में घिसट गईं. उन्होंने लिखा कि मैं आपसे माफी मांगती हूं. आप बेहद खूबसूरत लग रही हैं और मुझे उम्मीद है कि आप अपनी शर्तों पर जीना जारी रखेंगी और अपने बालों के हाइलाइट्स को पसंद करती रहेंगी!
DMK नेता का भी समर्थन
वीडियो शेयर करने के पीछे DMK समर्थकों का हाथ होने के आरोप लगे. विवाद बढ़ता देख DMK के IT विंग सचिव और पूर्व मंत्री टीआरबी राजा ने अपनी ही पार्टी के समर्थकों के रवैये की निंदा की. उन्होंने पोस्ट किया कि महिलाओं को नीचा दिखाने और उनके पहनावे पर हमला करने की कोशिशों से मुझे घिन आती है. किसी भी स्थिति में महिला-विरोधी रवैये को जायज नहीं ठहराया जा सकता.
उन्होंने साफ कहा कि DMK महिलाओं की गरिमा, अधिकारों और स्वतंत्रता के साथ मजबूती से खड़ी है और मर्यादा लांघने वाले किसी भी पोस्ट को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि तमिलनाडु में आगामी चुनावी समीकरणों के बीच इस तरह की सोशल मीडिया वॉर और नैतिक पुलिसिंग ने राजनीति के गिरते स्तर पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.