चेन्नई: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जॉसेफ विजय ने सरप्राइज विजिट कर चेन्नई के प्रसिद्ध एग्मोर गवर्नमेंट चिल्ड्रेंस हॉस्पिटल का निरीक्षण किया. बच्चों को गोद में उठाते हुए उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मरीजों-परिवारों से फीडबैक लिया. स्वास्थ्य मंत्री अरुणराज के साथ सीएम विजय ने अस्पताल के वार्ड, सुविधाएं और इंफ्रास्ट्रक्चर का मौके पर जायजा लिया.
रिश्वतखोरी पर सख्त एक्शन
उन्होंने अस्पताल अधिकारियों से भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की, जिसमें नई बिल्डिंग, अतिरिक्त वार्ड और सुविधाओं का विस्तार शामिल है. निरीक्षण के दौरान अस्पताल में रिश्वतखोरी की शिकायतें सामने आईं. कुछ स्टाफ नवजात शिशुओं को देखने के लिए परिवारजनों से पैसे मांग रहे थे. इस पर मुख्यमंत्री विजय ने सख्त रुख अपनाते हुए तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए.
सीएम ने साफ कहा कि यदि किसी अस्पताल या वार्ड अधिकारी के खिलाफ रिश्वतखोरी की कोई भी शिकायत आती है, तो उसे तुरंत पद से हटा दिया जाए. उन्होंने सरकारी अस्पतालों में पारदर्शिता, जवाबदेही और मरीज-मित्र सेवाओं पर जोर दिया. मरीजों के परिजनों ने अधिक वॉशरूम, कैंटीन और अतिरिक्त वार्ड बनाने की मांग की. अस्पताल में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है, इसलिए इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया गया.
एग्मोर चिल्ड्रेंस हॉस्पिटल तमिलनाडु के प्रमुख बाल चिकित्सा केंद्रों में से एक है, जहां राज्य भर से हजारों बच्चे इलाज के लिए आते हैं. सीएम की इस विजिट से अस्पताल में जल्द बड़े स्तर पर सुधार और प्रशासनिक बदलाव की उम्मीद जगी है. यह निरीक्षण स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है.