प्रतापगढ़: उत्तर प्रदेश की बेटी श्रद्धा पांडेय ने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा में टॉप करके पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनकी सफलता की सराहना करते हुए उन्हें आईपैड भेंट किया और पीठ थपथपाकर शाबाशी दी.
मंगलवार को जीआईसी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में CM योगी ने श्रद्धा पांडेय की उपलब्धि पर खुशी जताई. श्रद्धा वर्तमान में उत्तर प्रदेश में असिस्टेंट कमिश्नर के पद पर कार्यरत हैं. अब वे बिहार में SDM के रूप में अपनी सेवाएं देंगी. प्रतापगढ़ जिले के रानीगंज तहसील के पचरास गांव की रहने वाली श्रद्धा ने 2021 में ग्रेजुएशन पूरा करने के बाद सिविल सेवा का सपना देखा.
पहले अटेम्प्ट में ही UPPSC परीक्षा क्रैक कर असिस्टेंट कमिश्नर बन चुकी हैं. BPSC 70वीं परीक्षा में उन्होंने 593 अंक प्राप्त कर रैंक 1 हासिल की. श्रद्धा ने कहा, ''यह मेरे लिए गर्व का पल है. कड़ी मेहनत ही सफलता का रास्ता है. अगर असफलता मिले तो हार न मानें, बल्कि अपनी गलतियों को सुधारें.''
इस मौके पर CM योगी ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के 19 लाभार्थियों को भी सम्मानित किया और उनसे बातचीत कर उनका हौसला बढ़ाया. श्रद्धा पांडेय की यह सफलता उन लाखों छात्रों के लिए मिसाल बन गई है, जो सिविल सेवा की तैयारी कर रहे हैं. मुख्यमंत्री योगी की इस पहल से युवाओं में उत्साह बढ़ा है.