शादी के महज 6 महीने में पत्नी का खून! अमेरिका में गला घोंटकर की हत्या, भारत में प्रेमिका को भेजी लाश की फोटो

Amanat Ansari 08 Jul 2026 09:00: PM 1 Mins
शादी के महज 6 महीने में पत्नी का खून! अमेरिका में गला घोंटकर की हत्या, भारत में प्रेमिका को भेजी लाश की फोटो

वाशिंगटन: अमेरिका के वाशिंगटन राज्य में एक भारतीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर पर अपनी नवविवाहित पत्नी की निर्मम हत्या का आरोप लगा है. आरोपी ने कथित तौर पर पत्नी का गला घोंटकर हत्या की और घटनास्थल को आत्महत्या जैसा बनाने की कोशिश की. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि उसने मृतका की लाश की फोटो भारत में अपनी गर्लफ्रेंड को भेज दी.

तेलंगाना के रहने वाले 30 वर्षीय अविनाश नार्ने पर अपनी 27 वर्षीय पत्नी राजिथा सब्बिनेनी की हत्या का आरोप है. दोनों की शादी महज 6 महीने पहले हुई थी. अक्टूबर 2025 में बेलेव्यू स्थित उनके अपार्टमेंट में राजिथा का शव बाथरूम में मिला था.

पुलिस को अविनाश ने फोन करके बताया कि उसकी पत्नी बाथरूम में बंद है और जवाब नहीं दे रही. पुलिस पहुंची तो राजिथा फर्श पर पड़ी मिली. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण गला घोंटना (strangulation) बताया गया और केस को हत्या करार दिया गया. जांच में सामने आया कि अविनाश की भारत में एक गर्लफ्रेंड थी, जिससे उसका संबंध शादी के बाद भी जारी था.

गर्लफ्रेंड शादी के समारोह में भी शामिल हुई थी. हत्या के अगले दिन आरोपी ने अपनी प्रेमिका को मृत पत्नी की फोटो भेजी. पूछताछ में उसने यह बात स्वीकार भी की. पुलिस को संदेह तब हुआ जब डिजिटल सबूतों (दरवाजे के स्मार्ट लॉक और सिक्योरिटी सिस्टम) से पता चला कि हत्या के समय अपार्टमेंट में अविनाश के अलावा कोई नहीं आया-गया था.

और भी चौंकाने वाले खुलासे

हत्या से पहले राजिथा ने कई बार अविनाश को बताया कि वह जो ड्रिंक्स और स्मूदी बनाता है, उसका स्वाद कड़वा और दवा जैसा आता है. हत्या वाले दिन भी उसने यही शिकायत की थी. अविनाश हत्या के दिन अपनी प्रेमिका को कम से कम 4 बार कॉल कर चुका था. लगभग 9 महीने की जांच के बाद जुलाई 2026 में अविनाश को गिरफ्तार किया गया.

कोर्ट ने उसे फर्स्ट डिग्री मर्डर का आरोप लगाया है. फिलहाल वह 5 मिलियन डॉलर (लगभग 48 करोड़ रुपये) के भारी जमानती पर जेल में है. दोषी पाए जाने पर उसे उम्रकैद हो सकती है. यह मामला भारतीय मूल के प्रवासियों में पारिवारिक हिंसा और विश्वासघात की बढ़ती घटनाओं की ओर इशारा करता है. पुलिस जांच जारी है.

Avinash Narne Bellevue homicide first-degree murder King County Superior Court

Recent News